
रायपुर न्यूज़ धमाका /// निर्वाचन आयोग से भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव में बुर्के के बिना मतदान कराने की मांग की है। भाजपा विधि प्रकोष्ठ के नरेशचंद्र गुप्ता ने निर्वाचन आयुक्त को लिखे पत्र में बुर्के की आड़ में फर्जी मतदान की आशंका जताई है। इसी के साथ और कई मांग की गई है।
ALSO READ : जारी रहेगा सहायक शिक्षकों आंदोलन , सरकार से वार्ता विफल
पत्र में लिखा गया है कि प्रदेश में होने जा रहे इस चुनाव में इंडियन नेशनल कांग्रेस नेताओं व मुख्यमंत्री, मंत्रियों, संसदीय सचिवों एवं विधायकों तथा प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सत्तारूढ़ दल के पक्ष में मतदान करने लगातार मतदाताओं को डराया धमकाया जा रहा है। उन्हें प्रलोभन भी दिया जा रहा है। बड़ी संख्या में फर्जी मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए और वैधानिक मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। इस विषय पर भाजपा ने समय-समय पर चुनाव आयोग, निर्वाचन अधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की है परन्तु आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने पत्र के माध्यम से आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री के रोड शो में उपहार वितरित किया जा रहे हैं। रोड शो में जाने हेतु जनता पर दबाव बनाया जा रहा है।
भाजपा ने आशंका जताई है कि बुर्का को आधार मानते हुए सत्तारूढ़ दल बड़ी संख्या में फर्जी मतदान कराने की तैयारी में है। मतदान केन्द्रों पर बुर्का वाले मतदाताओं की पहचान उनके आई कार्ड से कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि फर्जी मतदान रोका जा सके। बुर्का वाले मतदाताओं के आई कार्ड में फोटो है, जिसकी पहचान आवश्यक है। बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में आने वाले औद्योगिक ईकाईयों के प्रबंधन को बुलाकर सत्तारूढ़ दल द्वारा डराया धमकाया जा रहा है। उनके यहां कार्यरत कर्मचारी सत्तारूढ़ दल को ही मतदान करें, नहीं तो औद्योगिक इकाई के कार्य प्रभावित होंगे।

