
26 अगस्त 2026 //
भोपाल न्यूज़ धमाका – भोपाल में ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को दो जुलूस निकाले जाएंगे। आयोजकों ने गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे का संदेश देने की बात कही है। जुलूसों को देखते हुए पुराने और नए शहर के कई मार्गों पर दोपहर से रात तक ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को भोपाल में मुस्लिम समाज की ओर से दो प्रमुख जुलूस निकाले जाएंगे। आयोजकों ने जुलूस के जरिए आपसी भाईचारे, सांप्रदायिक सौहार्द और भोपाल की गंगा-जमुनी तहजीब का संदेश देने की बात कही है। जुलूस को लेकर पुलिस और यातायात विभाग ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुराने और नए शहर के कई इलाकों में दोपहर से रात तक जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।
2 बजे छावनी स्थित भारत टॉकीज से शुरू
ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी की ओर से आयोजित मुख्य जुलूस दोपहर 2 बजे छावनी स्थित भारत टॉकीज से शुरू होगा। जुलूस सेंट्रल लाइब्रेरी, इतवारा, इस्लामपुरा, बड़े मास्टर तिराहा, बुधवारा, इब्राहिमपुरा, मोती मस्जिद और पीरगेट होते हुए इमामी गेट चौराहे पर पहुंचेगा। यहां जुलूस का समापन होगा। इसमें बड़ी संख्या में लोग और विभिन्न अखाड़ों के दल शामिल होंगे। अखाड़ों की ओर से पारंपरिक कला और शौर्य प्रदर्शन भी किए जाएंगे।
कमेटी के संरक्षक शमशुअल हसन बल्ली ने अलग-अलग स्थानों से निकलने वाले जुलूसों को इमामी गेट पर एक साथ लाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य सामाजिक और धार्मिक सौहार्द को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद आलोक शर्मा, वक्फ बोर्ड के चेयरमैन सनवर पटेल, पूर्व सांसद आलोक संजर और महापौर समेत कई जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
अशोका गार्डन से भी निकलेगा जुलूस
दूसरा जुलूस अशोका गार्डन क्षेत्र से निकलेगा। यह अशोका गार्डन से शुरू होकर पुष्प नगर पुलिया, नूतन नगर रोड, ऐशबाग रोड, सोनिया कॉलोनी, दुर्गा धाम मंदिर रोड, अशोका गार्डन थाना, परिहार चौराहा, मंडी चौराहा और प्रभात चौराहा होते हुए सुभाष नगर ओवरब्रिज पहुंचेगा। इसके बाद स्लाटर हाउस के सामने से जिंसी चौराहे पर इसका समापन होगा।
कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट
मंगलवारा क्षेत्र के जुलूस के लिए दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक और अशोका गार्डन क्षेत्र में दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक यातायात व्यवस्था बदली जाएगी। जुलूस मार्ग पर मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों के साथ सिटी बसों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
वाहन चालक रॉयल मार्केट, तीन मोहरा, भोपाल टॉकीज, हमीदिया रोड, रेतघाट, कमला पार्क और पॉलीटेक्निक चौराहा जैसे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर सकेंगे। यातायात पुलिस ने लोगों से प्रतिबंधित मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है। किसी परेशानी की स्थिति में यातायात कंट्रोल रूम के नंबर 0755-2677340 पर संपर्क किया जा सकता है।