
10 सितम्बर 2026 //
छतरपुर न्यूज़ धमाका – छतरपुर के क्योटा गांव में कच्चा मकान ढहने से 2 बच्चियों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर घायल हैं। राज्य मंत्री ने 50 हजार की फौरी मदद के निर्देश दिए।
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में कच्चा मकान गिरने से दो बच्चियों की मौत का दर्दनाक मामला सामने आया है। हादसा हिनौता थाना क्षेत्र की हाथोंहा पंचायत के क्योटा गांव में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे हुआ। बताया गया कि परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे, तभी अचानक मकान भरभराकर गिर गया।
मकान के मलबे में 2 माह की हिमांशी केवट और 13 वर्षीय रचना केवट दब गईं। हादसे में दोनों की मौत हो गई। वहीं उनकी मां हेमा केवट गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर महिला और बच्चियों को बाहर निकाला। महिला की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
रात में भरभराकर गिरा कच्चा मकान
हिनौता थाना क्षेत्र के क्योटा गांव निवासी लक्खू केवट का कच्चा मकान रात करीब 1 बजे अचानक ढह गया। उस समय उनकी बहू हेमा केवट और दोनों बच्चियां घर के अंदर सो रही थीं। देखते ही देखते पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया और तीनों उसके नीचे दब गईं।
घटना की सूचना मिलते ही हिनौता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों बच्चियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मकान गिरने की वजह और उसकी स्थिति की भी जांच कर रही है।
अस्पताल पहुंचे राज्य मंत्री, 50 हजार की मदद के निर्देश
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मध्य प्रदेश शासन के राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से घायल हेमा केवट की स्थिति की जानकारी ली और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज्य मंत्री ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने फौरी राहत के तौर पर 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा और आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के तहत परिवार को नियमानुसार मिलने वाली आर्थिक सहायता और मुआवजा राशि भी जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद क्योटा गांव में मातम का माहौल है और परिवार पर एक साथ दो बच्चियों को खोने का दुख टूट पड़ा है।
