मध्यप्रदेशभोपाल

गुजरात का घी ‘असुरक्षित, नागपुर का मिल्क केक अमानक: MP सरकार ने दोनों राज्यों को लिखा पत्र

26 अगस्त 2026 //

भोपाल न्यूज़ धमाका – मध्यप्रदेश में दुग्ध उत्पादों की जांच के दौरान गुजरात के खेड़ा की बालाजी डेयरी का घी ‘Unsafe’ पाया गया। वहीं नागपुर से भोपाल भेजा गया मिल्क केक अमानक निकला। MP खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने गुजरात और नागपुर के अधिकारियों को पत्र लिखकर संबंधित निर्माताओं और कारोबारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

 मध्यप्रदेश में दूध, घी, मावा और दूसरे दुग्ध उत्पादों में मिलावट के खिलाफ चल रहे अभियान में दूसरे राज्यों से आने वाले प्रोडक्ट भी जांच के दायरे में आ गए हैं। जांच में गुजरात के खेड़ा जिले की एक डेयरी का घी ‘Unsafe’ पाया गया है। वहीं, नागपुर से भोपाल भेजा गया मिल्क केक अमानक मिला है।

दोनों मामलों में मध्यप्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने संबंधित राज्यों के अधिकारियों को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रदेश में 20 जुलाई से दूध और दुग्ध उत्पादों की जांच का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान बाजार में बिकने वाले अलग-अलग ब्रांड के घी के सैंपल लेकर FSSAI से अधिकृत प्रयोगशालाओं में जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में खेड़ा स्थित बालाजी डेयरी प्रोडक्ट्स के घी का नमूना असुरक्षित पाया गया।

गुजरात के खाद्य सुरक्षा आयुक्त को पत्र

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक मनोज पुष्प ने 25 अगस्त को गुजरात के खाद्य सुरक्षा आयुक्त को पत्र भेजा। इसमें जांच रिपोर्ट का हवाला देते हुए संबंधित निर्माता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
मामले की जानकारी FSSAI के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और मध्यप्रदेश के संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई है।

बस से भोपाल पहुंच रहा था मिल्क केक और मावा

दूसरा मामला नागपुर से भोपाल भेजे जा रहे मिल्क केक और मावा से जुड़ा है। विभाग को 24 अगस्त को सूचना मिली थी कि नागपुर के जरीपटका स्थित मनन स्वीट्स से नटवर बस के जरिए संदिग्ध मिल्क केक और मावा भोपाल लाया जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जांच की तो मिल्क केक अमानक पाया गया। इसके बाद 25 अगस्त को खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने नागपुर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट को पत्र भेजा। इसमें नागपुर से मध्यप्रदेश और सीमावर्ती जिलों में खाद्य सामग्री भेजने वाले संबंधित कारोबारियों के खिलाफ जरूरी कार्रवाई करने को कहा गया है।

दूसरे राज्यों के प्रोडक्ट भी जांच के घेरे में

इन दोनों मामलों से साफ है कि मध्यप्रदेश सरकार का मिलावटी और खराब गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पादों के खिलाफ अभियान अब प्रदेश तक सीमित नहीं है। दूसरे राज्यों से मध्यप्रदेश में आने वाले दूध, घी, मावा और मिठाई के सैंपल भी जांचे जा रहे हैं।
विभाग ने गुजरात के घी को ‘Unsafe’ और नागपुर के मिल्क केक को ‘अमानक’ बताया है। दोनों शब्दों की श्रेणी अलग है। अब संबंधित राज्यों से इन उत्पादों के निर्माताओं और कारोबारियों पर कार्रवाई की उम्मीद है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!