छतीसगढ़रायपुर

हॉकी में छत्तीसगढ़ रचेगा इतिहास : देश की पहली हॉकी लीग छह टीमें होंगी आमने-सामने, शुभंकर बना ‘बघवा

26 अगस्त 2026 //

रायपुर न्यूज़ धमाका – छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आगाज 21 अक्टूबर से, लीग में भारतीय हॉकी के नामी खिलाड़ियों और ओलंपिक पदक विजेता शामिल होंगे। सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में सभी मैच खेले जाएंगे।

छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान और खिलाड़ियों को बड़ा मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन की घोषणा की। उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने लीग के आधिकारिक लोगो, शुभंकर और छह टीमों की पहचान का अनावरण किया।

छह शहरों की टीमें लेंगी हिस्सा, शीर्ष चार पहुंचेंगी सेमीफाइनल में

लीग का पहला सीजन प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को भारत की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग बताया गया है। इसमें राज्य के छह शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। लीग चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी और इसके बाद मुकाबले नॉकआउट प्रारूप में होंगे। फाइनल 1 नवंबर को प्रस्तावित है। इसी दिन महिला टीमों के बीच विशेष प्रदर्शनी मुकाबला भी आयोजित किया जाएगा। 

छह टीमों के नाम जारी

लीग की टीमों के नाम राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस हैं। इन टीमों के जरिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की खेल पहचान को लीग से जोड़ा गया है। इस लीग मैच से खिलाड़ियों को मौका मिलेगा। इसके साथ ही प्रदेश के हॉकी स्टेडियम का बेहतर उपयोग हो सकेगा। विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों को प्रदेश में खेलने का मौका भी मिल सकेगा।

‘बघवा’ होगा लीग का शुभंकर

लीग के शुभंकर ‘बघवा का भी अनावरण किया गया। बाघ छत्तीसगढ़ की वन्यजीव विरासत का प्रतीक है और शुभंकर को साहस, शक्ति, दृढ़ता तथा मैदान पर मुकाबले की भावना से जोड़ा गया है। लीग की टैगलाइन चलो रे संगी, हॉकी खेलबो रखी गई है, जो प्रदेश की पहचान और हॉकी के प्रति जुनून को दर्शाती है।

ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ियों की मौजूदगी से सजेगी हॉकी लीग

लीग में भारतीय हॉकी के नामी खिलाड़ियों और ओलंपिक पदक विजेताओं गुरजंत सिंह, शमशेर सिंह और सुरेंद्र कुमार के साथ जसकरण सिंह और देविंदर वाल्मीकि जैसे खिलाड़ियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार का प्रमुख उद्देश्य है। उनके अनुसार, छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश में हॉकी के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और उभरते खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!