
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से धनतेरस की रात एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक बेटे ने अपनी पत्नी से पिता के अवैध संबंध के शक में बेरहमी से पिता की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मामला उरला थाना क्षेत्र के मजदूर नगर सरोरा का है। पुलिस के मुताबिक, यह वारदात शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे की है। आरोपी बेटे की पहचान दिनेश कुमार सेन (21 वर्ष) और मृतक पिता की पहचान देव प्रसाद सेन (45 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दिनेश कुमार ने कुछ समय पहले दूसरी जाति की युवती से प्रेम विवाह किया था, जिसके चलते परिवार में आए दिन विवाद होता रहता था। घर के खर्च और वैवाहिक विवादों के कारण पिता-पुत्र के बीच तनाव बढ़ गया था। इसी बीच दिनेश को शक हुआ कि उसके पिता और पत्नी के बीच अवैध संबंध हैं।
शनिवार रात दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ, जिसके बाद दिनेश ने गुस्से में आकर चाकू से हमला कर पिता की हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। खून से लथपथ पिता जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आरोपी बेटे को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह और शक को इस हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।