छतीसगढ़बलौदा बाजार

भाजपा से निष्कासित नेता के बेटे प्रणव अवस्थी पर एक और FIR शराब दुकान में नौकरी का झांसा देकर 50 हजार की ठगी

03 सितम्बर 2026 //

बलौदाबाजार न्यूज़ धमाका – बलौदाबाजार में शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये ठगने का आरोप लगा है। प्रणव अवस्थी के खिलाफ एक और FIR दर्ज हुई है।

शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 50 हजार रुपये लेने के आरोप में भाजपा से निष्कासित नेता कृष्णा अवस्थी के बेटे प्रणव अवस्थी के खिलाफ सिटी कोतवाली बलौदाबाजार में एक और एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता कल्लूराम ध्रुव, जो महासमुंद जिले के ग्राम खेमड़ा के रहने वाले हैं और खेती-किसानी करते हैं, ने पुलिस को बताया कि उन्हें सेल्समैन की नौकरी की तलाश थी। इसी दौरान उनकी पहचान अभनी यादव से हुई। अप्रैल 2026 में नौकरी को लेकर बातचीत के दौरान अभनी यादव ने उन्हें प्रणव अवस्थी का मोबाइल नंबर दिया।

नौकरी के लिए मांगे गए डेढ़ लाख रुपये

शिकायत के मुताबिक प्रणव अवस्थी से फोन पर बातचीत हुई। आरोप है कि उसने शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी लगवाने का भरोसा दिया और इसके बदले 1.50 लाख रुपये की मांग की। बातचीत के बाद शिकायतकर्ता को पैसे की व्यवस्था करने के लिए कहा गया। आरोप है कि अप्रैल में प्रणव अवस्थी ने कल्लूराम को बलौदाबाजार बस स्टैंड बुलाया। वहां मुलाकात के दौरान नौकरी लगवाने का भरोसा देकर उनसे 50 हजार रुपये नकद लिए गए। बाकी एक लाख रुपये बाद में देने की बात कही गई।

नौकरी नहीं लगी तो शुरू हुई टालमटोल

शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम देने के बावजूद तय समय पर नौकरी नहीं लगी। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो उन्हें कथित तौर पर अलग-अलग तरीके से टालने की कोशिश की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि 25 अप्रैल और 1 अगस्त 2026 को व्हाट्सऐप के जरिए इंडियन बैंक की 60 हजार रुपये की डीडी और 50 हजार रुपये खाते में भेजे जाने से संबंधित दस्तावेज भेजे गए। शिकायतकर्ता के अनुसार बैंक में सत्यापन कराने पर डीडी और बैंक की रसीद फर्जी निकली।

पुलिस कर रही लेन-देन और दस्तावेजों की जांच

कल्लूराम ने पुलिस को बताया कि नौकरी के नाम पर लिए गए 50 हजार रुपये वापस नहीं किए गए। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी अभनी यादव और अपने मामा डोमन ध्रुव को भी दी। इसके बाद सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। रकम के लेन-देन, कथित बैंक दस्तावेजों और आरोपों से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

पहले भी सामने आ चुका है नाम

गौरतलब है कि प्रणव अवस्थी का नाम इससे पहले भी कथित फर्जीवाड़े से जुड़े मामले में सामने आ चुका है। अब नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये लेने की शिकायत में एक और एफआईआर दर्ज होने के बाद मामला फिर चर्चा में है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!