छतीसगढ़रायपुर

 बिना भर्ती के युवक को थमाया डाटा एंट्री ऑपरेटर का नियुक्ति पत्र छत्तीसगढ़ में नौकरी के नाम पर फर्जीवाड़ा :

03 सितम्बर 2026 //

रायपुर न्यूज़ धमाका – कसडोल में नौकरी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया। बिना भर्ती प्रक्रिया के युवक को डाटा एंट्री ऑपरेटर का फर्जी नियुक्ति पत्र दिया गया, जांच में खुलासा हुआ।

छत्तीसगढ़ में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम में बिना किसी भर्ती प्रक्रिया के एक युवक को डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर नियुक्त किए जाने का फर्जी आदेश थमा दिया गया। युवक जब नियुक्ति पत्र लेकर ड्यूटी ज्वाइन करने पहुंचा, तब दस्तावेजों की जांच में पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया।

यह मामला कसडोल से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार हांडापारा निवासी हेमंत साहू को किसी अज्ञात व्यक्ति ने निगम में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर चयन होने का पत्र दिया था। पत्र में दावा किया गया था कि हेमंत की नियुक्ति 6 जुलाई 2026 से कसडोल कार्यालय में की गई है।

ज्वाइनिंग के लिए पहुंचा तो खुली फर्जी नियुक्ति की पोल

नियुक्ति पत्र मिलने के बाद हेमंत ज्वाइनिंग के लिए कसडोल पहुंचा। वहां उसके दस्तावेज निगम के महाप्रबंधक विनोद वर्मा के पास सत्यापन के लिए भेजे गए। जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि युवक के पास मौजूद नियुक्ति पत्र निगम द्वारा जारी ही नहीं किया गया था। इसके बाद महाप्रबंधक ने मामले की शिकायत पुलिस से की। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि फर्जी पत्र तैयार करने के दौरान महाप्रबंधक के डिजिटल हस्ताक्षर को स्कैन कर इस्तेमाल किया गया था। दस्तावेज को इस तरह तैयार किया गया था कि वह देखने में वास्तविक सरकारी नियुक्ति आदेश जैसा लगे।

पत्र में कई बड़ी खामियां, कसडोल में निगम का कार्यालय तक नहीं

जांच के दौरान फर्जी नियुक्ति पत्र में कई गंभीर गड़बड़ियां मिलीं। दस्तावेज पर न तो कोई क्रमांक दर्ज था और न ही जारी करने की तारीख। इसके अलावा पत्र में जिस कसडोल कार्यालय का उल्लेख किया गया था, वहां निगम का कोई कार्यालय ही मौजूद नहीं है। निगम ने यह भी साफ किया है कि अक्टूबर 2024 के बाद डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद के लिए कोई आवेदन प्रक्रिया शुरू नहीं की गई। इस पद पर न तो कोई भर्ती हुई और न ही किसी अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र जारी किया गया।

बेरोजगार युवाओं से पैसे ऐंठने का भी शक

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करने वाले व्यक्ति तक पहुंचने में जुटी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि पत्र किसने बनाया और यह हेमंत तक किस माध्यम से पहुंचा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं नौकरी दिलाने के नाम पर अन्य बेरोजगार युवाओं को भी इसी तरह फर्जी नियुक्ति पत्र तो नहीं दिए गए। आशंका है कि इस फर्जीवाड़े के पीछे नौकरी लगाने का झांसा देकर युवाओं से रकम वसूलने का नेटवर्क हो सकता है। पुलिस इसी एंगल से भी मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!