गोरखपुर

गोरखपुर में भव्य समारोह शिक्षक दिवस पर प्रदेश के 81 शिक्षकों को सम्मानित करेंगे सीएम योगी

03 सितम्बर 2026 //

गोरखपुर न्यूज़ धमाका – आगामी 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के 81 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य समारोह में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के इन चयनित शिक्षकों को सम्मानित करेंगे।

शिक्षा क्षेत्र में नवाचार, विद्यालय प्रबंधन और छात्रों के सर्वांगीण विकास में अभूतपूर्व योगदान देने वाले शिक्षकों के सम्मान में योगी सरकार बड़ा आयोजन करने जा रही है। शिक्षक दिवस पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह में कुल 81 शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।

इसमें बेसिक शिक्षा विभाग के 61 शिक्षक तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षक शामिल हैं, जिनमें 33 शिक्षिकाएं भी मौजूद हैं। पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी शिक्षकों को गोरखपुर में विशिष्ट अतिथि की तरह होटलों में ठहराने के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

​पुरस्कार में 25 हजार रुपये, फ्री बस सफर और 2 साल का एक्सटेंशन

राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित होने वाले प्रत्येक शिक्षक को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह के साथ-साथ 25,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में प्रतिवर्ष 4,000 किलोमीटर की मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। सबसे बड़ी बात यह है कि इन सम्मानित शिक्षकों की सेवानिवृत्ति की आयु सीमा में दो वर्ष का विस्तार भी प्रदान किया जाएगा।

​बेसिक शिक्षा के 61 और माध्यमिक के 15 शिक्षकों को ‘राज्य अध्यापक पुरस्कार’

सम्मानित होने वाली सूची में बेसिक शिक्षा विभाग के 61 शिक्षकों को ‘राज्य अध्यापक पुरस्कार’ दिया जाएगा, जिनमें आगरा की संगीता शर्मा, लखनऊ की विनीता, वाराणसी की नीलम राय, गोरखपुर के नवीन कुमार त्रिपाठी और बहराइच की प्रीति मिश्रा समेत प्रदेश भर के शिक्षक शामिल हैं।

वहीं माध्यमिक शिक्षा विभाग के 15 उत्कृष्ट अध्यापकों को ‘राज्य अध्यापक पुरस्कार’ दिया जाएगा, जिनमें गाजियाबाद की रेनू तोमर, वाराणसी के डॉ. रमेश प्रताप सिंह और बरेली के राजपाल शामिल हैं।

​माध्यमिक के 5 शिक्षकों को मिलेगा ‘मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार’

माध्यमिक शिक्षा विभाग के 5 विशेष शिक्षकों का चयन प्रतिष्ठित ‘मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार’ के लिए किया गया है। इस श्रेणी में लखीमपुर खीरी के डॉ. योगेन्द्र प्रताप सिंह, प्रयागराज के विक्रम बहादुर सिंह परिहार, झांसी की कल्पना सिंह, गाजियाबाद के डॉ. आनन्द कुमार और बरेली के विजय पाल का नाम शामिल है, जिन्हें मुख्यमंत्री खुद सम्मानित करेंगे।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता
Back to top button
error: Content is protected !!