
01 सितम्बर 2026 //
मुंगेली न्यूज़ धमाका – मुंगेली में युवा कांग्रेस चुनाव में फर्जी वोटिंग के आरोपों से विवाद गहराया। मध्यप्रदेश से आए 2 युवती समेत 9 युवकों पर शिकायत, सिटी कोतवाली जांच में जुटी
प्रदेश युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर मुंगेली में फर्जी वोटिंग के आरोपों ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। युवा कांग्रेस चुनाव में स्थानीय युवा प्रत्याशियों के बीच विवाद सामने आया है। आरोप है कि मध्यप्रदेश से मुंगेली पहुंचे युवाओं ने चुनावी प्रक्रिया में फर्जी तरीके से वोटिंग की। इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में दो युवतियों समेत 9 युवकों पर फर्जी वोटिंग करने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि ये सभी युवा मध्यप्रदेश से मुंगेली पहुंचे थे और यहां सर्किट हाउस में ठहरे हुए थे।
चुनावी प्रक्रिया के बीच उठा विवाद
के मुताबिक प्रदेश युवा कांग्रेस का चुनाव 30 अगस्त से 29 सितंबर तक होना है। इसी दौरान मुंगेली में बाहरी प्रदेश से आए युवाओं द्वारा वोटिंग किए जाने का आरोप सामने आया है। स्थानीय युवा कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच इस मामले को लेकर विवाद गहरा गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से बाहरी युवाओं से वोट डलवाए गए।
सर्किट हाउस में ठहरने की भी जांच
शिकायत में जिन युवाओं के नाम सामने आए हैं, उनके मुंगेली के सर्किट हाउस में ठहरने की बात कही गई है। ऐसे में पुलिस उनके मुंगेली आने, ठहरने और चुनावी प्रक्रिया में उनकी भूमिका से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर सकती है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संबंधित युवाओं ने वास्तव में वोटिंग की थी या नहीं और यदि वोटिंग की गई, तो चुनाव के नियमों के तहत वे इसके लिए पात्र थे या नहीं।
सिटी कोतवाली पुलिस कर रही जांच
मामले की शिकायत मुंगेली सिटी कोतवाली थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शिकायत को जांच में लेते हुए पूरे मामले से जुड़े तथ्यों और दस्तावेजों की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चुनावी प्रक्रिया में वास्तव में फर्जी वोटिंग हुई थी या लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।



