
21 सितम्बर 2026 //
कोरबा न्यूज़ धमाका – कोरबा के बरपाली में महिला का शव सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ। लिव-इन पार्टनर पर मारपीट के बाद हत्या कर शव छिपाने का आरोप है, आरोपी फरार है।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसके लिव-इन पार्टनर ने मारपीट के बाद उसकी हत्या कर शव को घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया। कई दिनों बाद टैंक से उठ रही तेज बदबू के बाद परिजनों को संदेह हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने टैंक से शव बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली की बताई जा रही है। मृतका की पहचान संतोषी (33) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह करीब दो साल से मनोज उरांव (40) के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस के मुताबिक मनोज की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है।
रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंची तो भाइयों को हुआ शक
अनुसार संतोषी की शादी वर्ष 2001 में करतला क्षेत्र में हुई थी। उसके चार बच्चे हैं। करीब 15 वर्ष पहले पति की मौत के बाद वह ससुराल में रह रही थी। बाद में करीब दो साल से वह मनोज के साथ रहने लगी थी। 27 अगस्त को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान मनोज ने संतोषी के साथ मारपीट की। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था। आरोप है कि उसी दिन देर शाम दोबारा मारपीट हुई, जिसके बाद संतोषी की मौत हो गई। मौत के बाद शव को घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक में डालकर ऊपर से ढक्कन बंद कर दिया गया।
भाई ने पूछा तो आरोपी ने बताई दूसरी कहानी
घटना के अगले दिन रक्षाबंधन था। संतोषी के मायके नहीं पहुंचने पर उसके भाइयों ने मनोज से उसके बारे में पूछताछ की। आरोप है कि मनोज ने महिला के एक दिन पहले ही कहीं चले जाने की बात कही। कई दिन गुजरने के बाद भी जब संतोषी का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। 19 सितंबर को संतोषी के भाई रामभरोस समेत अन्य परिजन मनोज के घर पहुंचे। घर के पीछे जाने पर उन्हें सेप्टिक टैंक का ढक्कन आधा खुला मिला। वहां से तेज दुर्गंध आने पर परिजनों को शक हुआ और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुलवाया टैंक
सूचना मिलने के बाद श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रविवार सुबह कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक को खुलवाया गया। अंदर एक सड़ा-गला शव मिला, जिसकी पहचान संतोषी के रूप में की गई। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर मर्ग कायम किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक एक्सपर्ट और मेडिकल कॉलेज की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में संतोषी के साथ मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं घटना के बाद से मनोज उरांव फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद और स्पष्ट होगी। पुलिस हत्या के पूरे घटनाक्रम, आरोपी की भूमिका और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है।



