
21 सितम्बर 2026 //
खैरागढ़ न्यूज़ धमाका – उदयपुर-साल्हे कला सड़क पर जगह-जगह गड्ढों से राहगीरों और स्कूली बच्चों की परेशानी बढ़ी। जनपद सदस्य ने कई बार मुद्दा उठाया, फिर भी सड़क की हालत नहीं सुधरी।
छत्तीसगढ़ के उदयपुर से साल्हे कला तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई सड़क अब कई जगहों पर बदहाल हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से होने के कारण रोजाना आवागमन करने वाले ग्रामीणों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बोरई रोड, कुटेली कला और साल्हे कला क्षेत्र में सड़क की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है।
ग्रामीणों के मुताबिक सड़क पर बने गड्ढों के चलते वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। कई बार वाहन गड्ढों में फंसने के साथ दुर्घटनाओं की स्थिति भी बनी है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
जनपद सभा से अधिकारियों तक पहुंचा मामला
सड़क की बदहाली को लेकर जनपद सदस्य दुष्यंत जंघेल द्वारा लगातार आवाज उठाए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने जनपद सभा में कई बार सड़क की समस्या का मुद्दा उठाने के साथ संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी इसकी जानकारी देने का दावा किया है। विधायक और मंत्री को भी पत्र के माध्यम से सड़क की स्थिति से अवगत कराया गया है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में असंतोष बढ़ रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित विभाग मौके पर पहुंचकर सड़क की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करे और खराब हिस्सों की पहचान कर जल्द सुधार कार्य शुरू करे।
मरम्मत से बात नहीं बनी तो नई सड़क की मा
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति को देखते हुए केवल खानापूर्ति वाली मरम्मत के बजाय गुणवत्ता के साथ स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। यदि सड़क सामान्य मरम्मत से दुरुस्त होने की स्थिति में नहीं है, तो नए सिरे से सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए।
जनपद सदस्य ने की कार्रवाई की मांग
जनपद सदस्य दुष्यंत जंघेल ने भी संबंधित विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क दुरुस्त होने से स्कूली बच्चों के साथ किसानों, वाहन चालकों और आम राहगीरों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।



