
03 सितम्बर 2026 //
रायपुर न्यूज़ धमाका – स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू के करीब 170 मामले सामने आए हैं, जबकि कोरोना के 2 मामले दर्ज हुए हैं।
छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू और कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू के करीब 170 मामले सामने आए हैं, जबकि कोरोना के 2 मामले दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू से संक्रमित अधिकांश मरीज उपचार के बाद पूरी तरह स्वस्थ हो रहे हैं।
सभी जिलों में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि कोरोना संक्रमित मरीजों को क्वारेंटाइन किया गया है और उनकी निगरानी की जा रही है। प्रदेश में आवश्यक दवाओं और इलाज से जुड़ी सुविधाओं की कोई कमी नहीं है। बारिश के मौसम को देखते हुए सभी जिलों के CMHO को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लोगों से बारिश के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके।
BAMS डॉक्टरों ने रखी स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग
इधर, आयुर्वेद कॉलेज के BAMS डॉक्टर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निवास पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने MBBS इंटर्न की तर्ज पर BAMS इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग रखी।
इस पर श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि BAMS डॉक्टरों की मांग सिर्फ स्टाइपेंड बढ़ाने की नहीं है, बल्कि उनकी मांग है कि अगर MBBS छात्रों का स्टाइपेंड बढ़ाया जाता है, तो BAMS छात्रों के स्टाइपेंड में भी उसी के साथ बढ़ोतरी की जाए।
जल्द मिल सकता है सकारात्मक परिणाम
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने BAMS डॉक्टरों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांग पर जल्द सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।



