छतीसगढ़रायपुर

खुद को बताया पंजाब का व्यापारी, शराब पिलाने के बहाने होटल मैनेजर को ले गया और स्कूटी लेकर फरार शातिर चोर की चालाकी

05 सितम्बर 2026 //

रायपुर न्यूज़ धमाका – रायपुर में पंजाब का व्यापारी बनकर होटल पहुंचे युवक ने शराब पिलाने के बहाने मैनेजर को झांसा दिया और मौका मिलते ही उसकी स्कूटी लेकर फरार हो गया।

छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में शातिर युवक ने पहले होटल में ग्राहक बनकर मैनेजर से दोस्ती बढ़ाई, फिर शराब पिलाने के बहाने उसे अपने साथ ले गया और मौका मिलते ही उसकी स्कूटी लेकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि, आरोपी ने खुद को पंजाब से आया व्यापारी बताया था। मामला गंज थाना क्षेत्र के बरखा होटल से जुड़ा है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

शराब पिलाने के बहाने स्कूटी से पहुंचा शराब भट्टी

बरखा होटल के मैनेजर प्रिंस सोनकर ने पुलिस को बताया कि एक युवक होटल में ग्राहक बनकर आया था। बातचीत के दौरान उसने खुद को पंजाब का व्यापारी बताया और मैनेजर से जान-पहचान बढ़ाई। इसी दौरान आरोपी ने उसे साथ में शराब पीने के लिए चलने का झांसा दिया। आरोपी की बातों में आकर मैनेजर उसके साथ जाने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद दोनों मैनेजर की स्कूटी से शराब भट्टी पहुंचे। वहां आरोपी ने कथित तौर पर ATM से 1 हजार रुपए निकाले और मैनेजर को दे दिए।

लौटकर देखा तो मौके से गायब थी गाड़ी

इसके बाद मैनेजर शराब लेने के लिए शराब भट्टी के बाहर चला गया। इसी दौरान आरोपी युवक मौका देखकर मैनेजर की स्कूटी लेकर फरार हो गया। जब मैनेजर वापस लौटा तो आरोपी मौके से गायब था और उसकी स्कूटी भी वहां नहीं थी। काफी तलाश करने के बाद उसे समझ आया कि, युवक बहाने से उसे वहां लाया और स्कूटी लेकर फरार हो गया।

व्यापारी बनकर होटल में बनाया था मैनेजर से संपर्क

घटना के बाद प्रिंस सोनकर ने गंज थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान जशनदीप सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के अमृतसर का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह होटल में व्यापारी बनकर पहुंचा था और बातचीत के जरिए मैनेजर का विश्वास हासिल किया।

CCTV फुटेज से खुलेगा आरोपी का राज

पुलिस अब होटल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा आरोपी के रायपुर आने, होटल में पहुंचने और स्कूटी लेकर फरार होने तक की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं।फिलहाल, पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!