छतीसगढ़रायपुर

मौदहापारा स्थित प्लैटिनम बार का संचालक पलाश मल्होत्रा गिरफ्तार जन्माष्टमी के दिन कांग्रेस नेता बेच रहा था शराब

05 सितम्बर 2026 //

रायपुर न्यूज़ धमाका – रायपुर में जन्माष्टमी के शुष्क दिवस पर शराब बेचने के आरोप में कांग्रेस नेता पलाश मल्होत्रा गिरफ्तार, शराब और 2300 रुपए नकद बरामद

जन्माष्टमी के मौके पर घोषित शुष्क दिवस के दौरान शराब बिक्री का मामला सामने आने के बाद मौदहापारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने प्लैटिनम बार के संचालक और कांग्रेस नेता पलाश मल्होत्रा को शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब की एक बोतल और बिक्री से प्राप्त नकदी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर को जन्माष्टमी के चलते रायपुर जिले में शुष्क दिवस घोषित था। इस दौरान शराब दुकानों के साथ ही बार में भी शराब की बिक्री और परोसने पर प्रतिबंध लगाया गया था। इसी बीच मौदहापारा पुलिस को सूचना मिली कि गली नंबर-1, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से शराब बाहर निकालकर ग्राहकों को बेची जा रही है।

सूचना पर पुलिस ने की निगरानी, रात में दबिश

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बार की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। देर रात करीब 10:30 बजे पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की और शराब की कथित बिक्री के दौरान पलाश मल्होत्रा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को 750 एमएल की सिमरन ऑफ मिन्टी जामुन अंग्रेजी शराब की एक बोतल मिली, जिसकी कीमत करीब 1,150 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 2,300 रुपये नकद भी पुलिस ने बरामद किए। जब्त शराब और नकदी की कुल कीमत 3,450 रुपये बताई गई है।

युवक कांग्रेस से जुड़ा रहा है आरोपी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार पलाश मल्होत्रा पूर्व में उत्तर विधानसभा युवक कांग्रेस के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुका है। वर्तमान में उसका नाम प्रदेश महासचिव युवक कांग्रेस पद के प्रत्याशी के तौर पर भी बताया जा रहा है। शुष्क दिवस के दौरान शराब बिक्री के आरोप में हुई गिरफ्तारी के बाद मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।

सुरक्षा गार्ड की भूमिका भी जांच के घेरे में

पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि बार से शराब बाहर निकालने और ग्राहकों तक पहुंचाने में सुरक्षा गार्ड की कोई भूमिका थी या नहीं। मामले में गार्ड के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जानकारी आबकारी विभाग को भेजी जाएगी। साथ ही प्लैटिनम बार के लाइसेंस को निलंबित अथवा निरस्त करने की अनुशंसा की जाएगी। लाइसेंस के संबंध में अंतिम फैसला आबकारी विभाग द्वारा लिया जाएगा।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!