
- नगर निगम चुनाव के लिए नाम वापसी के अंतिम दिन गहमागहमी का माहौल रहा। कांग्रेस नेता अपने 9 बागियों को मनाने में सफल रहे।उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया।भाजपा ने भी आधा दर्जन से ज्यादा प्रत्याशियों को नाम वापस करने के लिए मना लिया, लेकिन दो बागियों को भाजपा मनाने में सफल नहीं रही।
रायपुर न्यूज़ धमाका /// बीरगांव नगर निगम चुनाव के लिए नाम वापसी के अंतिम दिन गहमागहमी का माहौल रहा। कांग्रेस नेता अपने 9 बागियों को मनाने में सफल रहे। उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया। कांग्रेस के दो बागी ब भी चुनाव मैदान में है। इनमें शकुंतला धन्नू बंदे ने वार्ड नंबर एक से और नाेहर मिर्जा गुरूजी वार्ड नंबर सात से चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस के उपाध्यक्ष और जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज शर्मा यहां पर कांग्रेस की ओर से कमान संभालते नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि सभी वार्डों में कांग्रेस की स्थिति अच्छी है। कांग्रेस के बागी प्रत्याशियों को हमने मनाने का प्रयास किया और इसमें सफलता भी मिली है। 9 लोगों ने अंतिम दिन अपना नाम वापस लेकर पार्टी के पक्ष में काम करने का निर्णय लिया। जिन लोगों ने नाम वापस लिया उनमें अहिल्या देवी पांडे, नमिता मिश्रा, शकुन वाई देवांगन, ममता ठाकुर, कविता चतुर्वेदी, कामिनी जांगड़े, राजन मिश्रा, गुलाब देवांगन ने कांग्रेस के पक्ष अपना नाम वापस लिया।
बिरगांव चुनाव के लिए नाम वापसी के अंतिम दिन 19 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया। अब चुनाव मैदान में 186 प्रत्याशी शेष बचे हैं। यहां पर कांग्रेस, भाजपा और छजकां ने सभी 40 वार्ड में अपने प्रत्याशी उतारे हैं। उनके प्रत्याशियों के अलावा 66 निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में हैं। नगर पालिका निगम बीरगांव के रिटर्निंग ऑॅफिसर बीबी पंचभाई ने बताया कि 19 अभ्यर्थियों ने अपना नाम वापस ले लिया है। प्रत्याशियों के नाम फायनल होने के बाद उन्हें चुनाव चिन्ह का आवंटन भी कर दिया गया।
बीरगांव चुनाव में भाजपा ने आधा दर्जन से ज्यादा प्रत्याशियों को नाम वापस करने के लिए मना लिया, लेकिन दो बागियों को भाजपा मनाने में सफल नहीं रही। यही दो प्रत्याशी निर्दलीय चुनाव लड़ रहे है। शहर जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी का कहना है, नाम वापसी के अंतिम दिन भाजपा से जुड़े पूर्व पार्षद नरेश देवांदन ने अपनी पत्नी खुशी देवांगन का नाम वापस कराया। इसी के साथ राजेश सिंह, कल्पना पाटिल, मो. फरहत सहित आधा दर्जन से ज्यादा प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिए हैं। दो प्रत्याशी 13 नंबर वार्ड से शंकर साहू और 34 नंबर वार्ड से जगमोहन वर्मा ने नाम वापस नहीं लिया है। यही दो प्रत्याशी बागी हैं।

