दिल्ली

ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया अलर्ट दिल्ली में आजादपुर मंडी के पास 1 महीने तक रहेगा जाम

16 जून 2026 //

दिल्ली न्यूज़ धमाका –  दिल्ली में आजादपुर मंडी के पास 1 महीने तक ट्रैफिक प्रभावित रहेगा, ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।

दिल्ली में सफर करने वाले लोगों के लिए जरूरी खबर सामने आई है। अगर कोई अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए रोजाना जीटी करनाल रोड, आजादपुर, आदर्श नगर या मुकरबा चौक वाले रूट का इस्तेमाल करते हैं, तो ऐसे लोगों को घर से एक्स्ट्रा समय निकालकर निकलना पड़ेगा।दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में उन्होंने बताया कि आजादपुर मंडी के पास ड्रेनेज (जल निकासी) के निर्माण और खुदाई का काम शुरू किया जाएगा। इसी वजह से आज यानी 16 जून 2026 से लेकर 15 जुलाई 2026 तक इस पूरे रूट पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा।

कहां रहेगा ज्यादा ट्रैफिक प्रभावित ?

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इस निर्माण कार्य और वहां तैनात भारी मशीनों के कारण जीटी करनाल रोड पर गाड़ियों की स्पीड पर ब्रेक लग सकता है। खासतौर से महेंद्र पार्क से लेकर आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के बीच का हिस्सा काफी प्रभावित रहेगा। इसके अलावा आजादपुर मंडी, आदर्श नगर, महेंद्र पार्क और मुकरबा चौक के आस-पास भी लोगों को भारी ट्रैफिक का सामना करना पड़ सकता है।  

अधिकारियों ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि भीड़भाड़ वाले समय (पीक आवर्स) में जीटी करनाल रोड के प्रभावित हिस्से की तरफ जाने से बचें। खासतौर से  महेंद्र पार्क और आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के बीच का रास्ता काफी समस्या बढ़ा सकता है।

ट्रैफिक से बचने के लिए पुलिस ने कुछ आसान वैकल्पिक मार्गों के बारे में बताया है। उनका कहना है कि जो लोग मुकरबा चौक बाईपास से होकर आजादपुर या आदर्श नगर की तरफ जाना चाहते हैं, वे सीधे जाने के बजाय आउटर रिंग रोड का इस्तेमाल करके मुकुंदपुर वाले रास्ते से जा सकते हैं। यहां से आगे बढ़ने के लिए अरिहंत मार्ग या रोड नंबर-51 का इस्तेमाल किया जा सकता है, इससे आपका समय भी बचेगा।सड़क पर वाहनों का दबाव कम करने और ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने के लिए पुलिस ने तीन प्रमुख जगहों पर डायवर्जन पॉइंट भी बना दिए हैं, इसमें आजादपुर चौक ट्रैफिक लाइट, जहांगीरपुरी टी-पॉइंट और मुकरबा चौक को भी शामिल किया गया। ड्राइवरों को इन्हीं पॉइंट्स से वैकल्पिक रास्तों की तरफ मोड़ा जाएगा 

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को दी सलाह 

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता को सलाह देते हुए कहा है कि वे घर से निकलने से पहले अपने सफर की योजना बना लें। ट्रैफिक से बचने के लिए जहां तक संभव हो, प्राइवेट गाड़ियों के अलावा सार्वजनिक परिवहन (पब्लिक ट्रांसपोर्ट) का ज्यादा इस्तेमाल करें।

सड़क पर चलते समय लेन अनुशासन का पालन करना जरूरी है, और यातायात को नियंत्रित कर रहे पुलिसकर्मियों के निर्देशों का भी पूरा सहयोग करें। यात्रियों की मदद के लिए  ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 1095 या 011-25844444 पर भी जारी किया है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!