
06 अगस्त 2026 //
दिल्ली न्यूज़ धमाका – दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज लगातार सुहावना बना हुआ है। बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज भी राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। अगले 7 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। बादलों की आवाजाही और रुक-रुककर होने वाली बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ बारिश दर्ज की गई। IMD ने राजधानी दिल्ली, नोएडा और NCR के अन्य क्षेत्रों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।
दक्षिण दिल्ली के तुगलकाबाद क्षेत्र में मुख्य सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और यात्रियों को लंबे समय तक जाम का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों को भी आवागमन में परेशानी हुई। इसके अलावा महरौली-बदरपुर रोड पर भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली। सड़क पर पानी जमा होने से वाहन चालकों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर ट्रैफिक की गति प्रभावित रही।
तापमान स्थिर, लेकिन नमी ने बढ़ाई उमस
दिल्ली-NCR में बारिश और बादलों की मौजूदगी के बावजूद तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस अवधि में राजधानी का न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में इस दौरान पश्चिमी दिशा की हवाएं 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। हालांकि हवाओं और बारिश के बावजूद वातावरण में नमी का स्तर काफी अधिक बना रहा, जिससे लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ा। पिछले 24 घंटों में राजधानी में नमी का अधिकतम स्तर 100 प्रतिशत और न्यूनतम स्तर 74 प्रतिशत दर्ज किया गया। उच्च आर्द्रता के कारण बारिश के बाद भी कई इलाकों में चिपचिपी गर्मी महसूस की गई
दिल्ली में गुरुवार और शुक्रवार को भी बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में मानसून की सक्रियता बनी हुई है और गुरुवार को भी मौसम सुहावना रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच राजधानी के कई इलाकों में हल्की बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं शाम और रात के समय भी कई क्षेत्रों में वर्षा होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया जा सकता है। सुबह के समय 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस हो सकता है। वहीं शुक्रवार को भी मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह से दोपहर के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि शाम और रात के समय फिर से कई स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की जा सकती है।
दिल्ली में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहावना
बीते 24 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम के कारण लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली के आयानगर क्षेत्र में सबसे अधिक 49.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मौसम केंद्र सफदरजंग में 10.8 मिलीमीटर, पालम में 8.3 मिलीमीटर, लोधी रोड में 3.9 मिलीमीटर और रिज क्षेत्र में 3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई
बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पालम में 24.9 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 26.7 डिग्री सेल्सियस और रिज क्षेत्र में 23.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, नोएडा और गुरुग्राम समेत एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश के बाद सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। जलभराव और धीमी यातायात व्यवस्था के कारण लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रफ्तार प्रभावित रही, जिससे कार्यालय जाने वाले और अन्य यात्रियों को अतिरिक्त समय लग गया



