
15 जून 2026 //
बलौदाबाजार न्यूज़ धमाका – बलौदाबाजार जिले के ग्राम निपानिया स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा में विधवा महिला से रिश्वत लेने के मामले में प्रभारी शाखा प्रबंधक अनीता पांडे को निलंबित कर दिया गया है।
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम निपानिया स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा में विधवा महिला से रिश्वत लेने के मामले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मुख्यालय रायपुर ने बड़ी कार्रवाई की है। बैंक की प्रभारी शाखा प्रबंधक अनीता पांडे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है तथा उन्हें महासमुंद नोडल कार्यालय में अटैच किया गया है।
गौरतलब है कि ग्राम निपानिया की एक महिला ने आरोप लगाया था कि पति की मृत्यु के बाद उनके बैंक खाते में जमा 1.10 लाख रुपये की राशि निकालने के लिए शाखा प्रबंधक द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। बाद में कथित तौर पर 5 हजार रुपये रिश्वत लेने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

जांच में आरोप पाए गए सही
मामले की शिकायत कलेक्टर जनदर्शन में की गई थी। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मुख्यालय रायपुर ने सख्त रुख अपनाते हुए अनीता पांडे को निलंबित कर दिया। आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में उन्हें महासमुंद नोडल कार्यालय में उपस्थित रहना होगा।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने की कार्रवाई की मांग
एक असहाय विधवा से उसके ही दिवंगत पति की जमा पूंजी दिलाने के नाम पर कथित रिश्वत मांगने का मामला सामने आने से लोगों में भारी आक्रोश है। क्षेत्र के लोगों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।



