बलौदा बाजार न्यूज़ धमाका – बलौदा बाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम खरवे में कथित जहरीली शराब पीने से आठ लोगों की मौत के मामले में प्रशासन और पुलिस की जांच लगातार जारी है।
जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम खरवे में कथित जहरीली शराब पीने से आठ लोगों की मौत के मामले में प्रशासन और पुलिस की जांच लगातार जारी है। शनिवार 13 जून को कुछ शवों को कब्र से निकालकर फॉरेंसिक परीक्षण कराया गया था, जबकि शेष शवों को आज 16 जून को न्यायिक दंडाधिकारी की अनुमति मिलने के बाद निकाला जाएगा।
शेष शवों के उत्खनन की तैयारी पूरी
एडिशनल एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि शेष शवों के उत्खनन और पोस्टमार्टम की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक (कैंप कसडोल), थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण मिंज तथा नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी आकांक्षा तिवारी मौजूद रहेंगी।

FSL करेगी वैज्ञानिक जांच
शवों के उत्खनन के बाद फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम द्वारा सूक्ष्म वैज्ञानिक परीक्षण किया जाएगा और डॉक्टरों की टीम विधिवत पोस्टमार्टम करेगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
एक सप्ताह में आ सकती है रिपोर्ट
एडिशनल एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि शनिवार को निकाले गए शवों की फॉरेंसिक रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट आने में लगभग एक सप्ताह का समय लग सकता है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट का इंतजार
ग्राम खरवे में हुई आठ मौतों ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। अब सभी की नजर फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि मौतें वास्तव में जहरीली शराब के सेवन से हुईं या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।


