
रायपुर,न्यूज़ धमाका :- राजधानी रायपुर के बकायेदारों से नगर निगम संपत्तिकर के साथ अब सालभर के यूजर चार्ज की वसूली नहीं करेगा, बल्कि अब हर महीने इसकी वसूली महिला समूह करेगी। नए वित्तिय वर्ष में राजस्व विभाग पूर्व की तरह आम जनता से केवल संपत्ति कर के साथ जलकर,शिक्षाकर सहित अन्य कर ही वसूलेगा।
वसूली के काम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को लगाया जाएगा. जो घर-घर जाकर बकाया करों की वसूली करेंगी। नगर निगम को वर्तमान में 195 करोड़ रुपये संपत्तिकर, 55 करोड़ रुपये यूजर चार्ज और 25 करोड़ रुपये अन्य कर वसूलना बाकी है।
खामियों के चलते स्वच्छता में छठवें नंबर पर रहा निगम
पिछले साल स्वच्छता सर्वेक्षण में रायपुर नगर निगम पूरे देश में छठवां नंबर हासिल करने में सफल रहा था। कुछ खामियों के चलते टाप थ्री में आने से रूक गया। इन्हीं खामियों को दूर कर इस साल होने जा रहे स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम प्रशासन बेहद गंभीर है। लोगों को सफाई के मामले में और जिम्मेदार बनाने की दिशा में पहला कदम उठाते हुए निगम ने एक दिसंबर से राजधानी के हर मकान से यूजर चार्ज की वसूली भी शुरू कर चुका है।
छोटे मकानों का वर्गफीट के हिसाब से 30 से 40 रुपये यूजर चार्ज
यूजर चार्ज सालिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम में वसूलने की व्यवस्था है, लेकिन किसी न किसी कारण से घरों से यह नहीं लिया जा रहा था। अलबत्ता दो-तीन साल से दुकानों-कामर्शियल कांप्लेक्सों से वसूली हो रही है। यूजर चार्ज के दौरान पर हजार वर्गफीट या इससे छोटे मकानों को 30 से 40 रुपये महीना अतिरिक्त देना तय किया गया है। राजधानी में पिछले साल संपत्तिकर के साथ यूजर चार्ज वसूलने की बात तय हुई थी, लेकिन पार्षदों के विरोध के बाद फैसला वापस लेना पड़ा। यूजर चार्ज की वसूली के लिए राज्य शासन ने सात दिसंबर 2017 को नोटिफिकेशन जारी किया था। इसके अनुसार घरों और व्यावसायिक संस्थानों, अस्पतालों, रेस्टोरेंट, माल सहित अलग-अलग श्रेणी के व्यवसायियों और लोगों से यूजर चार्ज वसूली का स्लैब तय किया गया है।
