
27 अगस्त 2026 //
धमतरी न्यूज़ धमाका – नगर निगम अब शहर के बुनियादी विकास के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को भी नया भव्य स्वरूप देने जा रहा है।
शहर के विकास कार्यों के साथ अब नगर निगम धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को भी व्यापक स्वरूप देने की दिशा में पहल कर रहा है। निगम की ओर से इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गणेशोत्सव के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन को मंजूरी दी गई है। जन्माष्टमी पर 4 सितंबर को मटका फोड़ प्रतियोगिता और गणेशोत्सव के दौरान स्थल सजावट एवं झांकी प्रतियोगिता का आयोजन मकई चौक (घड़ी चौक) में किया जाएगा।
अब तक शहर में मटका फोड़, गणेशोत्सव की झांकी और पंडाल सजावट सहित धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं उत्सव समितियों द्वारा किया जाता रहा है। नगर निगम की सहभागिता से इन आयोजनों को नया मंच मिलने के साथ युवाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी बढ़ने की उम्मीद है।
विजेता समितियां होंगी सम्मानित
मटका फोड़ प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न वार्डों की युवा टीमें हिस्सा ले सकेंगी। वहीं गणेशोत्सव में आकर्षक झांकी एवं बेहतर स्थल सजावट करने वाली समितियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रतियोगिता में स्वच्छता, रचनात्मकता, सजावट, सामाजिक संदेश और धार्मिक भावना जैसे पहलुओं को ध्यान में रखे जाने की संभावना है। इससे समितियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ शहर में उत्सव का माहौल भी बेहतर होगा।
सड़क-नाली से आगे, सांस्कृतिक एकजुटता भी नगर निगम का दायित्व – रामू रोहरा
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि, नगर निगम की जिम्मेदारी केवल सड़क, नाली, पानी और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं है। शहर की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गणेशोत्सव जैसे पर्व समाज को जोड़ने का काम करते हैं, इसलिए निगम विकास कार्यों के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करेगा।
नगर निगम की इस पहल से युवाओं को मिलेगा नया मंच
धमतरी का विकास केवल सड़कों और भवनों से नहीं, बल्कि उसकी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता से भी होता है।” नगर निगम की इस पहल से पारंपरिक आयोजनों को नया मंच मिलने के साथ युवाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।



