
भिलाई,न्यूज़ धमाका :-भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों को इस बार मई माह तक रेस्ट रूम में कूलर नसीब नहीं हुआ है। कई रेस्ट रूम में पंखे तक नहीं चल रहे हैं। इसी संयंत्र के अंदर जहां अफसर एसी की ठंडी हवा में बैठे रहते हैं । वही कर्मचारी गर्मी से तड़पते हुए काम करने के लिए विवश हैं।इसे लेकर कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
336 कूलर का आर्डर
संयंत्र प्रबंधन द्वारा इस वर्ष गर्मी के लिए 336 कूलर खरीदने का निर्णय लिया गया । इसके लिए बकायदा प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है लेकिन अफसरों की मनमानी कहें या लापरवाही उनके द्वारा अभी तक कूलर को मंगवाया नहीं गया है जबकि मई शुरू हो चुका है। ऐसा नहीं है कि पहली बार इस तरह की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इसके पूर्व भी इसी तरह के रवैया के चलते संयंत्र कर्मचारियों को पूरी गर्मी पसीने से तरबतर होकर बितानी पड़ी थी। इस बात की जानकारी के बाद भी अफसर इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
सालाना 10 हजार करोड़ का लाभांश
आपको बता दें भिलाई इस्पात संयंत्र सहित सेल का 10 हजार करोड़ का सालाना लाभांश है। इसमें एक लाख करोड़ से अधिक का टर्नओवर शामिल है । ऐसी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों को कूलर जैसी चीजों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है और उन्हें पूरी गर्मी में प्रबंधन में बैठे अफसरों ने इसे उपलब्ध नहीं कराया। इससे कर्मचारियों में काफी आक्रोश है।
हाट शाप के रेस्ट रूम में जरूरत पड़ती है कूलर की
भिलाई इस्पात संयंत्र के हाटशाप जैसे एसएमएस -1, एसएमएस -2 ,एसएमएस -3 , मिल्स एरिया में काम करने वाले कर्मचारियों को रेस्ट रूम में कूलर की जरूरत पड़ती है। इन विभागों में तापमान काफी अधिक होता है । जहां पर कर्मचारी काम करने के बाद थोड़ी ठंडी हवा चाहते हैं लेकिन प्रबंधन द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है ।कर्मचारियों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है।
