रायपुरछत्तीसगढ

बिरगांव : भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों ने भरे नामांकन

रायपुर न्यूज़ धमाका /// निगम चुनाव में नामांकन के अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस ने बिरगांव में शक्ति प्रदर्शन करते हुए बाजे-गाजे के साथ सभी प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल कराया। कांग्रेस की रैली में प्रदेश के कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, विधायक सत्यनारायण शर्मा शामिल हुए। भाजपा की रैली में पूर्व मंत्री राजेश मूणत, शहर अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी सहित कई नेता शामिल रहे। वहीं जनता कांग्रेस के प्रत्याशियों ने भी रैली निकालकर नामांकन जमा किया।

चुनाव को लेकर सबसे पहले भाजपा ने अपने प्रत्याशियों का ऐलान किया। इसके एक दिन बाद कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी तय कर दिए। यूं तो पहले ही तय किए गए भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी अपना नामांकन भर चुके हैं, पार्टी के निर्देश पर अंतिम दिन सभी प्रत्याशियों ने एक साथ रैली निकालकर नामांकन दाखिल किया।भाजपा के प्रत्याशी शगुन पैलेस के पास एकत्रित हुए। यहां से प्रत्याशियों को फूल मालाओं से लादकर बाजे-गाजे और छत्तीसगढ़ी नृत्य के साथ रैली निकाली गई।

शहर जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने इस अवसर पर प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए कहा, सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने संपत्ति कर आधा करने का वादा किया था। आज तीन साल बाद किसी भी निकाय में संपत्ति कर आधा नहीं किया गया है। इसी के साथ पट्टा भी देने का वादा किया गया था, लेकिन यह वादा भी पूरा नहीं किया है।

कांग्रेस ने अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया है। हम कांग्रेस की वादाखिलाफी को लेकर जनता के बीच जाएंगे। इसी के साथ स्थानीय मुद्दे भी रहेंगे। कांग्रेस की वादाखिलाफी से तय है कि इस बार भाजपा को 40 में से 30 सीटों पर जीत मिलेगी और बिरगांव में हमारी पार्टी का महापौर बनेगा। पिछली बार भी हमारी पार्टी की महापौर अंबिका यदु बनी थीं, लेकिन कांग्रेस सरकार ने हार के डर से निगम चुनाव में महापौर का प्रत्यक्ष चुनाव ही बंद करा दिया है।

कांग्रेस ने बुधवारी बाजार में सभी प्रत्याशियों को एकत्रित किया। यहां से प्रदेश के कृषि मंत्री रविंद्र चौबे के नेतृत्व में हजाराें की संख्या में जुटे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ प्रत्याशियों ने रैली निकाली। ग्रामीण विधायक सत्यनारायण शर्मा, कांग्रेस नेता जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष पंकज शर्मा भी रैली में शामिल हुए। इस अवसर पर पंकज शर्मा ने कहा, बिरगांव में भाजपा की महापौर के कार्यकाल से जनता त्रस्त रही है। इधर कांग्रेस सरकार ने तीन साल में जो काम किए हैं, उसके कारण भरोसा है कि हमारी पार्टी को बिरगांव में बहुमत मिलेगा। हमारा लक्ष्य 35 सीटें जीतने का है। उन्होंने कहा, भविष्य में हम स्मार्ट बिरगांव बनाने का काम करेंगे।

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की पत्नी ऋचा अमित जोगी की विशेष उपस्थिति में तथा शहर जिला अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश देवांगन के नेतृत्व में जोगी कांग्रेस ने सभी 40 सीटों पर अपने प्रत्याशियों का नामांकन दाखिला कराया। इस दौरान श्रीमती जोगी ने कहा, बिरगांव के कण-कण में राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री स्व. अजीत जोगी समाए हुए हैं। स्व. जोगी का यहां की जनता के साथ विशेष लगाव था, इसीलिए उन्होंने अपने शासनकाल में बिरगांव को नगर निगम का दर्जा दिलाया। डॉ. देवांगन ने कहा, नामांकन रैली में हजारों की संख्या में जनता का शामिल होना परिवर्तन का सबसे बड़ा प्रमाण है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!