
रायपुर न्यूज धमाका – राजधानी पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया के जरिए युवतियों से दोस्ती कर पहले शादी का वादा करता, फिर शारीरिक संबंध बनाकर लाखों रुपये और जेवर ठग लेता था। आरोपी की पहचान जयप्रकाश बघेल, निवासी तखतपुर, बिलासपुर के रूप में हुई है।
इस तरह फंसाता था जाल में
पुलिस के अनुसार, जयप्रकाश फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर अपने ही समाज की युवतियों को टारगेट करता था। वह खुद को PWD विभाग में सिविल इंजीनियर बताकर दोस्ती करता, फिर युवती और उसके परिजनों से मिलकर शादी का भरोसा दिलाता। विश्वास जमने के बाद वह युवती से शारीरिक संबंध बनाता और फिर किसी एक्सीडेंट या निजी परेशानी का बहाना बनाकर पैसों की मांग करता था।
कई जिलों में ठगी
- डोंगरगढ़ मामला – आरोपी ने एक युवती से दोस्ती कर शादी का झांसा दिया, फिर 7.35 लाख रुपये अलग-अलग समय पर अपने खाते में ट्रांसफर करवाए और युवती को ब्लॉक कर दिया।
- रायपुर मामला – एक अन्य युवती को फ्लैट पर बुलाकर संबंध बनाए, फिर 3.5 लाख रुपये नकद और 1 लाख रुपये के जेवर ठग लिए। बाद में पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है।
मुकदमे दर्ज
जयप्रकाश बघेल के खिलाफ डोंगरगढ़ थाना और पुरानी बस्ती थाना, रायपुर में धोखाधड़ी और बलात्कार की धाराओं में एफआईआर दर्ज है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।
