
कोंडागांव न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। स्थानीय पोस्ट ऑफिस में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने बुधवार की सुबह अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान तरुणा भूआर्य (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मोहला-मानपुर क्षेत्र की रहने वाली थी। वह पिछले लगभग 10 महीनों से बुनागांव पोस्ट ऑफिस में कार्यरत थीं और यहीं किराए के मकान में रह रही थीं।
बुधवार सुबह जब काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो आसपास के लोगों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर झाँकने पर तरुणा का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
उधर, प्रदेश में लगातार हो रही आत्महत्याओं से चिंता बढ़ी है। इसी सप्ताह बिलासपुर जिले के मस्तुरी क्षेत्र में एक फार्मेसी छात्रा ने भी आत्महत्या कर ली थी। दोनों ही मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
