गुजरात,न्यूज़ धमाका :- गुजरात में एक 24 वर्षीय युवती की शादी इन दिनों विवादों में आ गई है। दरअसल वडोदरा में रहने वाली 24 साल की युवती ने ऐलान किया है कि वह मंदिर में खुद से शादी करेगी। पहले तो लोगों ने इसे मात्र सनसनी फैलाने वाली खबर माना, लेकिन अब इस विवाद में भाजपा भी कूद गई है।
वडोदरा में भाजपा की नगर इकाई की उप प्रमुख सुनीता शुक्ला ने 24 वर्षीय क्षमा बिंदु के 11 जून को खुद से शादी करने के फैसले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। सुनीता शुक्ला ने कहा कि अगर उसकी शादी मंदिर में हो रही है, तो हम उसे ऐसा नहीं करने दे सकते।” सुनीता शुक्ला ने कहा कि मंदिर में ऐसी शादी करना हिंदू धर्म के नियमों के खिलाफ है।
भाजपा नेता बोली, शादी के स्थल के खिलाफ हूं
भाजपा की महिला नेत्री सुनीता शुक्ला ने कहा कि मैं शादी के स्थल के चुनाव के खिलाफ हूं, उसे किसी भी मंदिर में खुद से शादी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसी शादियां हिंदू धर्म के खिलाफ हैं। इससे हिंदुओं की आबादी कम होगी। अगर कुछ भी धर्म के खिलाफ जाता है तो कोई कानून नहीं चलेगा।