रायपुर न्यूज़ धमाका // भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए रायपुर और दुर्ग संभाग की चयन समिति की घोषणा रविवार को की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने रायपुर संभाग का संयोजक मोतीलाल साहू को बनाया है। समिति में पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, सांसद सुनील सोनी, संजय श्रीवास्तव, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, नंदे साहू और पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव अग्रवाल को सदस्य बनाया है।
चौंकाने वाली बात यह है कि भाजपा के वर्तमान जिलाध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी को संभागीय चयन समिति में स्थान नहीं दिया गया है। रायपुर के बिरगांव नगर निगम में चुनाव होना है। यहां वर्तमान में भाजपा की महापौर हैं। इस बार महापौर का सीधा चुनाव नहीं होने के कारण पार्टी के सामने ज्यादा से ज्यादा पार्षदों को जिताने की चुनौती है। दुर्ग संभाग के लिए सांसद संतोष पांडेय को संयोजक बनाया गया है।
संभागीय चयन समिति में राज्यसभा सदस्य सरोज पांडेय, सांसद विजय बघेल, पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय को सदस्य बनाया गया है। दुर्ग के गुटीय संतुलन को साधने के लिए तीनों नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। दरअसल, दुर्ग के भिलाई, भिलाई चरौदा और रिसाली नगर निगम में चुनाव होने वाला है। ऐसे में पार्टी ने सरोज, प्रेमप्रकाश और विजय बघेल को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।इसके साथ ही उषा टावरी, विद्यारतन भसीन, सांवलाराम डाहरे, जागेश्वर साहू और राकेश पांडेय को सदस्य बनाया है। भिलाई नगर निगम में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव महापौर हैं। पिछले चुनाव में भाजपा की गुटबाजी के भिलाई नगर निगम महापौर की कुर्सी भाजपा के हाथ से निकल गई थी।