09 जुलाई 2026 //

कोरिया न्यूज़ धमाका – बैकुंठपुर में 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या के मामले में क्षेत्रीय विधायक भैयालाल राजवाड़े भी सिटी कोतवाली पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से तत्काल अपराध दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
जिले के बैकुंठपुर में 17 वर्षीय छात्रा पूजा की आत्महत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। छात्रा के परिजनों ने स्थानीय IC मार्ट प्रबंधन पर मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर क्षेत्रीय विधायक भैयालाल राजवाड़े भी सिटी कोतवाली पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से तत्काल अपराध दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
विधायक पहुंचे कोतवाली, तत्काल कार्रवाई की मांग
क्षेत्रीय विधायक भैयालाल राजवाड़े ने सिटी कोतवाली पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान मृतका के परिजन भी कोतवाली में मौजूद रहे।
कार्रवाई से पहले पोस्टमार्टम नहीं कराने पर अड़े परिजन
मृतका के परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे छात्रा का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। इसी वजह से देर शाम तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी।
चोरी के आरोप के बाद बढ़ा मानसिक तना
7 जुलाई को छात्रा अपनी बहन के साथ IC मार्ट में सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान दोनों पर कथित रूप से चोरी का आरोप लगाया गया। परिजनों का आरोप है कि इस घटना के बाद छात्रा गहरे मानसिक तनाव में चली गई और अगले दिन उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली
IC मार्ट के सामने प्रदर्शन, मुख्य मार्ग हुआ जाम
मामले ने अब बड़ा जनआंदोलन का रूप ले लिया है। बड़ी संख्या में लोग IC मार्ट के सामने मुख्य मार्ग पर धरने पर बैठ गए हैं। प्रदर्शनकारी “पूजा बेटी को न्याय दो” और “पूजा के हत्यारों को फांसी दो” के नारे लगा रहे हैं। प्रदर्शन के चलते मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया है और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।
पुलिस जांच जारी, कार्रवाई पर टिकी सबकी नजर
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। छात्रा की मौत के बाद शहर में आक्रोश का माहौल है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है।



