
08 जुलाई 2026 //
रायपुर न्यूज़ धमाका – श्रीगोवर्द्धनमठ पुरीपीठाधीश्वर के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती महाराज 21 से 25 जुलाई तक रायपुर में पांच दिवसीय पावन प्रवास करेंगे।
श्रीगोवर्द्धनमठ पुरीपीठाधीश्वर के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती महाराज 21 से 25 जुलाई तक की रायपुर में पांच दिवसीय पावन प्रवास करेंगे। यह प्रवास ‘हिंदू राष्ट्र अभियान’ के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
यह आयोजन श्री सुदर्शन संस्थानम् (शंकराचार्य आश्रम एवं प्रांतीय कार्यालय – पीठ परिषद, आदित्य वाहिनी, आनंद वाहिनी), बिलासपुर रोड, रावाँभाठा, रायपुर में होगा। प्रवास के दौरान जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती धर्म, राष्ट्र, भारतीय संस्कृति, गोसंरक्षण तथा ‘हिंदू राष्ट्र’ सहित विभिन्न विषयों पर श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। साथ ही धार्मिक, आध्यात्मिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति ने दी तैयारियों की जानकारी
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए पीठ परिषद, आदित्य वाहिनी और आनंद वाहिनी की केंद्रीय एवं प्रांतीय इकाइयां लगातार कार्य कर रही हैं। आयोजन की जानकारी देते हुए आनंद वाहिनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा तिवारी, पीठ परिषद छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष नवनीत तिवारी तथा आदित्य वाहिनी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष आशीष दुबे ने बताया कि श्रद्धालुओं को पूज्य शंकराचार्य के दर्शन एवं उनके विचारों का लाभ मिल सके, इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर जगद्गुरु शंकराचार्य के करें दर्शन
आयोजन समिति ने प्रदेश के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की है कि वे सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर जगद्गुरु शंकराचार्य के दर्शन, आशीर्वाद एवं उनके प्रेरक उद्बोधनों का लाभ उठाएं तथा राष्ट्र एवं संस्कृति जागरण के इस अभियान के सहभागी बनें।
ये पदाधिकारी निभा रहे अहम भूमिका
उन्होंने बताया कि इस आयोजन के सफल संचालन में अवधेश नंदन श्रीवास्तव, ठाकुर सत्येंद्र प्रताप सिंह परमार, उत्तम शर्मा, संजय सिंह, शिव गोविंद सिंह एवं मारुति शर्मा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
