
बलौदाबाजार न्यूज़ धमाका /// बुधवार को एक युवक ने नशे में गालियां दे रहे अपने पिता की गला घोंट कर हत्या कर दी। इसके बाद मां को इसकी जानकारी दी और कहा कि वह उसे माफ कर दे। इसके बाद आरोपी बेटा वहां से भाग निकला। बेटे के जानकारी देने के बाद जब मां मौके पर पहुंची तो पति का शव पड़ा था।ग्राम संडी निवासी भगवती सेन (47) शराब का आदी था। नशे में बुधवार को घर में गालियां दे रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 3 बजे उसका बेटा दुलेश्वर सेन (25) खाना खाने के लिए सैलून दुकान से घर पहुंचा।
पिता को गालियां देते देख उसने मना किया, लेकिन भगवती नहीं माना। इससे नाराज होकर दुलेश्वर छत पर बने अपने कमरे में चला गया। वहां उसने आवाज देकर पिता भगवती को ऊपर समझाने के लिए बुलाया।नशे में धुत भगवती छत पर पहुंच गया और वहां भी बेटे को गाली देना जारी रखा। इस पर दुलेश्वर ने समझाया कि घर में जवान बेटी रहती है, मां है और गालियां मत दो।

बार-बार मना करने पर भी जब नहीं माना तो दुलेश्वर ने पिता को छत पर पटक दिया और गला घोंट कर मार डाला। इसके बाद नीचे आया और मां से कहा कि ‘मुझे माफ़ करना मां, मैंने आपका सुहाग उजाड़ दिया।’ बेटे की बात सुनकर मां छत पर पहुंची तो पति का शव पड़ा था। देर शाम दुलेश्वर की पत्नी गांव से करीब 15 किमी दूर थाने पहुंची। वहां उसने बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी बेटा भाग चुका था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
