
बिलासपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में रविवार रात एक प्रतिष्ठित होटल के कमरे में चल रही जुए की गुप्त महफिल पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह रसूखदारों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। होटल टाइम स्क्वेयर के बंद कमरे में संचालित हो रहे इस जुए के अड्डे से ₹5.16 लाख नकद और ताश की गड्डियाँ जब्त की गई हैं।
यह कार्रवाई तारबाहर पुलिस और एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त टीम ने की, जो एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी।
कैसे हुआ खुलासा?
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 22 जून की रात पुलिस को सूचना मिली कि टाइम स्क्वेयर होटल में कुछ प्रभावशाली लोग गुपचुप तरीके से जुए का अड्डा चला रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल छापेमारी के निर्देश दिए।
एएसपी राजेन्द्र जायसवाल, थाना प्रभारी कृष्णचंद सिदार और एसीसीयू प्रभारी अजरूद्दीन के नेतृत्व में टीम ने होटल में दबिश देकर छह लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
- सतीश गुप्ता (52) – बंगाली पार्क, सरकंडा
- श्रवण श्रीवास्तव (42) – कमल टॉकीज, गोलबाजार
- सुरेश कुमार (71) – 27 खोली, सिविल लाइन
- नरेश गुप्ता (52) – विनोबा नगर
- अमित सिंह (45) – बिल्हा
- शांतनु खंडेलवाल (47) – गोडपारा
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी स्थानीय व्यवसायी हैं और समाज में प्रभावशाली छवि रखते हैं।
आगे की कार्रवाई:
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 5 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि शहर में अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
इस ऑपरेशन में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, प्रधान आरक्षक राहुल सिंह, देवमुन पुहुप समेत अन्य स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।

