
24 अगस्त 2026 //
कोरिया न्यूज़ धमाका – कोरिया के बैकुंठपुर में बारिश के बाद झुमका जलाशय का खूबसूरत नजारा देखने मिल रहा है। चट्टानों से गिरती दूधिया जलधारा पर्यटकों को आकर्षित कर रही है।
कोरिया जिले के बैकुंठपुर में इन दिनों बारिश के बाद झुमका जलाशय का खूबसूरत नजारा लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। लगातार बारिश के चलते जब झुमका जलाशय पानी से लबालब हो जाता है, तो जलाशय के एक हिस्से से पानी चट्टानों के बीच से तेज बहाव के साथ नीचे गिरता है। इस दौरान सफेद झाग के साथ बहती पानी की धार किसी खूबसूरत झरने का रूप ले लेती है।
चट्टानों से गिरता पानी दे रहा दूधिया झरने का एहसास
बारिश के बाद झुमका जलाशय में प्रकृति का बेहद मनमोहक रूप देखने को मिल रहा है। चट्टानों के बीच से तेज रफ्तार में बहता पानी जब नीचे गिरता है, तो सफेद झाग के कारण पूरी जलधारा दूधिया नजर आती है। चारों ओर फैली हरियाली, चट्टानों पर गिरता पानी और झरने की आवाज यहां आने वाले लोगों को खासा आकर्षित कर रही है।
बैकुंठपुर से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर है झुमका
झुमका बांध बैकुंठपुर शहर से करीब 3 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। जिला प्रशासन के अनुसार झुमका क्षेत्र कोरिया जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। खासकर बारिश के मौसम में यहां की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है।
परिवार के साथ पहुंच रहे लोग, मोबाइल में कैद कर रहे नजारा
झरने जैसे इस मनमोहक नजारे को देखने के लिए आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। कोई परिवार के साथ पिकनिक का आनंद ले रहा है, तो कोई चट्टानों से गिरती दूधिया पानी की धार को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर रहा है।
लोगों के लिए आकर्षण का बना केंद्र
बारिश के बाद झुमका जलाशय का यह नजारा लोगों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बन गया है। सफेद झाग के साथ चट्टानों से गिरता पानी देखकर ऐसा लगता है, मानो पहाड़ों से दूध की धारा उतरकर जमीन पर बह रही हो। हरियाली और झरने का यह खूबसूरत संगम इन दिनों झुमका जलाशय को बेहद खास बना रहा है।



