
24 अगस्त 2026 //
रायपुर न्यूज़ धमाका – छत्तीसगढ़ में पर्यटन बुकिंग के नाम पर फर्जी वेबसाइटों से ठगी की आशंका पर पर्यटन बोर्ड ने अलर्ट जारी किया। पर्यटकों से केवल अधिकृत माध्यमों से बुकिंग की अपील
छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों की सैर की तैयारी कर रहे लोगों के लिए जरूरी खबर है। पर्यटन स्थलों और ठहरने की सुविधाओं की ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बोर्ड के मुताबिक, कुछ अनधिकृत वेबसाइट, मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया अकाउंट और संदिग्ध लिंक के जरिए छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम पर बुकिंग की पेशकश की जा रही है।
पर्यटन बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पर्यटक होटल, पर्यटन आवास, टूर पैकेज या अन्य सुविधाओं की बुकिंग के लिए सिर्फ अधिकृत माध्यमों का ही इस्तेमाल करें। किसी भी अनजान वेबसाइट या सोशल मीडिया पेज पर भरोसा कर ऑनलाइन भुगतान करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जरूर जांच लें।
आकर्षक ऑफर देकर बनाया जा सकता है निशाना
साइबर ठग छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के नाम और लोगो के साथ-साथ पर्यटन स्थलों की तस्वीरों और प्रचार सामग्री का इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित कर सकते हैं। कम कीमत में होटल या पर्यटन पैकेज उपलब्ध कराने का लालच देकर पर्यटकों से पहले भुगतान कराया जा सकता है। पैसा ट्रांसफर होने के बाद ठग मोबाइल बंद कर सकते हैं या संपर्क से बाहर हो सकते हैं।
इन बातों पर दें खास ध्यान
पर्यटन बोर्ड ने लोगों को ऐसे मामलों में विशेष सावधानी बरतने को कहा है। यदि कोई व्यक्ति या वेबसाइट बाजार की तुलना में बेहद कम कीमत पर बुकिंग का ऑफर दे, तत्काल भुगतान का दबाव बनाए या निजी बैंक खाते अथवा अनजान UPI पर रकम भेजने को कहे, तो सतर्क हो जाएं। इसी तरह सोशल मीडिया के जरिए बुकिंग कराने वाले अनजान अकाउंट, मोबाइल नंबर और लिंक पर भी बिना सत्यापन के भुगतान नहीं करना चाहिए।
भुगतान से पहले करें सत्यापन
बोर्ड ने कहा है कि किसी बुकिंग वेबसाइट, लिंक, मोबाइल नंबर या सोशल मीडिया पेज की प्रामाणिकता को लेकर जरा भी संदेह हो तो भुगतान करने से पहले पर्यटन बोर्ड से जानकारी हासिल करें। पर्यटकों को यात्रा से जुड़ी जानकारी और बुकिंग के लिए केवल आधिकारिक एवं विश्वसनीय स्रोतों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
छत्तीसगढ़ पर्यटन हेल्पलाइन:
📞 +91-7714224600
📞 18001026415
पर्यटन बोर्ड का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर होने वाली संभावित ठगी से बचा जा सकता है। पर्यटक किसी भी ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें।



