जगदलपुर न्यूज़ धमाका // दंतेवाड़ा जिले से शुरू की गई छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी संघ की रायपुर तक दांडी यात्रा का आज चौथा दिन है। चौथे दिन मनरेगा कर्मी तपती धूप में लगभग 120 किमी की दूरी तय कर बस्तर नगर पंचायत पहुंचे हैं। अधिकांश लोगों के पैरों में छाले पड़ गए हैं, लेकिन कदम नहीं रुक रहे। अपने नियमितीकरण की मांग को लेकर निकले मनरेगा कर्मी जिस शहर या कस्बे से गुजर रहे हैं वहां उनका स्वागत किया जा रहा है। इधर, भाजपा भी अब इनकी मांगों के समर्थन में उतर आई है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री किरण देव ने इनकी मांगों को जायज बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार में आने से पहले कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में लिखा था कि सरकार बनने के 10 दिन के अंदर मनरेगा कर्मियों को नियमित कर दिया जाएगा। लेकिन यह घोषणा पत्र झूठा साबित हुआ। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और इनकी मांगों को हम पूरा करेंगे। हम इन कर्मचारियों का समर्थन करते हैं।
पैरों में छाले पड़ गए हैं।
मांग पूरी नहीं हुई तो करेंगे आंदोलन
छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रवक्ता सूरज ठाकुर ने बताया कि, मनरेगा कर्मचारियों की नियमितिकरण की मांग को लेकर पूरे प्रदेश से संघ के पदाधिकारी मंगलवार को दंतेवाड़ा पहुंचे। जिनमें बलरामपुर, जशपुर, मुंगेली, समेत बस्तर संभाग के सातों जिले और प्रदेश के अन्य जिलों से भी पहुंचे। दंतेवाड़ा से अपनी पदयात्रा की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यदि इनकी मांग पूरी नहीं की जाती है तो पूरे प्रदेश के लगभग 15 हजार से ज्यादा कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर CM आवास का घेराव करेंगे।
जिस इलाके से गुजर रहे वहां के लोग हो रहे शामिल
दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी के दर्शन कर 78 लोगों ने ही इस पदयात्रा की शुरुआत की थी। जिनमें कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। जैसे-जैसे यह पदयात्रा रायपुर की तरफ बढ़ती जा रही है इसमें और लोग जुड़ते जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रवक्ता सूरज ठाकुर ने कहा कि यह यात्रा अब नहीं रुकेगी। चाहे पैरों में छाले पड़े या तबीयत बिगड़े। हम अंतिम सांस तक अपने हक की लड़ाई लड़ेंगे।