
रायपुर न्यूज़ धमाका /// शनिवार को सुबह से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों के लिए परेशानी पैदा कर दी है. बस्तर से लेकर सरगुजा तक हो रही बारिश की वजह से धान की कटाई नहीं कर पाए किसानों की खड़ी फसल के साथ-साथ कटाई के बाद खेत में पड़े धान और खलिहान में रखे धान को भी नुकसान पहुंचने के आसार हैं.मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, एक अवदाब पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है. इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है.
इसके प्रभाव से बीते 11 नवंबर गुरुवार से बस्तर के एक-दो जगहों पर हल्की बारिश और गरज चमक के साथ बूंदाबांदी हो रही है. प्रदेश में न्यूनतम तापमान में वृद्धि संभावित है.बस्तर संभाग के साथ ही दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले 5 से 6 दिनों तक घने बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की पूरी संभावनाएं बनी हुई है. बस्तर में शुक्रवार से ही घने बादल छाए हुए हैं, और हल्की बारिश भी शुरू हो गई है. बारिश से सबसे ज्यादा चिंता किसानों को सता रही है.

