सागर,न्यूज़ धमाका :- शहर की एकता कालोनी में रहने वाला वेदांश खरे यूक्रेन के इनोवा शहर में फंस गया है। रूस द्वारा यूक्रेन पर हमला करने के बाद से ही उसके स्वजन चिंतित हैं। वेदांश की दादी युद्ध की बात सुनते ही बेहाल हो जाती है। वह अपने नाती की चिंता को लेकर रोने लगती है। वहीं उसकी बहू यानी वेदांश की मां नीति उन्हें ढाढस बंधाती हैं। वे उसे समझातीं हैं कि भारत सरकार यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने की कोशिशों में जुटी हुई है। इसी बीच वेदांश का काल मां के मोबाइल पर आ गया। उसने बताया कि मां मैं पोलैंड के जरिए भारत आऊंगा। उसने पोलैंड जाने की तैयार पूरी कर ली है। यह बात सुनकर परिवार के सभी लोगों ने राहत की सांस ली और उसके शीघ्र सागर पहुंचने की कामना की।
एमबीबीएस प्रथम वर्ष में है वेदांश
नीति खरे ने बताया कि उनका बेटा वेदांश बीएमबीबीएस प्रथम वर्ष की पढ़ाई यूक्रेन के इनोवा शहर से कर रहा है। जिस मकान में वह रहता है, वह मूलत: सागर निवासी व्यक्ति का ही घर है। वेदांश को जिस फ्लाइट से आना था, वो रद्द हो गई। आज सुबह सागर कलेक्टर दीपक आर्य ने भी उनसे बात की है। सरकार ने भी पूरा आश्वासन दिया है कि यूक्रेन में रहने वाले सभी बच्चों को सुरक्षित लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इनोवा से बस के माध्यम से पौलेंड के बार्डर पर ले जाया जाएगा, जहां फ्लाइट के माध्यम से भारत आएगा।



