इंदौरमध्यप्रदेश

इंदौर में आज निकलेगा बड़ा जुलूस, कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट; एयरपोर्ट जाने से पहले देखें रूट

09 अगस्त 2026 //

इंदौर न्यूज़ धमाका – विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर इंदौर में रविवार सुबह 6 बजे लालबाग से टंट्या मामा भील चौराहे तक बड़ा जुलूस निकलेगा। इसके चलते कलेक्टोरेट, टावर, भंवरकुआं समेत कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। एयरपोर्ट जाने वालों को वैकल्पिक रूट अपनाने और समय से पहले निकलने की सलाह दी गई है।

विश्व आदिवासी दिवस 2026 के मौके पर इंदौर में रविवार को बड़ा जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस सुबह 6 बजे लालबाग परिसर से शुरू होकर टंट्या मामा भील चौराहे तक पहुंचेगा। जुलूस के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना है। इसे देखते हुए इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है।

जुलूस लालबाग से निकलकर कलेक्टोरेट चौराहा, पलसीकर चौराहा, सोनकर धर्मशाला चौराहा, सिंधी कॉलोनी चौराहा, टावर चौराहा और भंवरकुआं चौराहा होते हुए टंट्या मामा भील चौराहे तक जाएगा। यहां माल्यार्पण का कार्यक्रम होगा। जुलूस के साथ बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है, इसलिए इन रास्तों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।

इन इलाकों में भी बदला जा सकता है ट्रैफिक

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक जरूरत पड़ने पर राजीव गांधी चौराहा, आईटी पार्क चौराहा, चोइथराम चौराहा, महू नाका, कलेक्टोरेट, मोती तबेला, बियाबानी, हरसिद्धि, कलाकुली मस्जिद और राऊजी बाजार क्षेत्र में भी यातायात डायवर्ट किया जा सकता है। पुलिस के अनुसार डायवर्जन का समय जुलूस की स्थिति और ट्रैफिक दबाव के हिसाब से बदला जा सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्ग की जानकारी रखने की सलाह दी गई है।

एयरपोर्ट जाने वालों के लिए ये रूट उपयोगी

जुलूस का असर लालबाग, कलेक्टोरेट, टावर और भंवरकुआं इलाके में ज्यादा रहने की संभावना है। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सामान्य दिनों की तुलना में समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी गई है। चोइथराम की ओर से एयरपोर्ट जाने वाले वाहन चोइथराम चौराहा से चाणक्यपुरी, अन्नपूर्णा, महू नाका, गंगवाल, बड़ा गणपति और वायरलेस चौराहा होते हुए एयरपोर्ट जा सकते हैं। वहीं पलासिया और शहर के पूर्वी हिस्से से आने वाले यात्रियों के लिए विजय नगर, बापट चौराहा, लवकुश चौराहा और सुपर कॉरिडोर होते हुए एयरपोर्ट पहुंचने का विकल्प रहेगा।

केसरबाग ब्रिज निर्माण से भी बढ़ेगा दबाव

इंदौर में रविवार को ट्रैफिक पर दबाव की एक वजह केसरबाग ब्रिज का निर्माण कार्य भी है। इस क्षेत्र में पहले से वाहनों का दबाव बना हुआ है। जुलूस के कारण परेशानी और बढ़ सकती है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को चोइथराम और चाणक्यपुरी की ओर अनावश्यक जाने से बचने की सलाह दी है। जरूरत पड़ने पर रिंग रोड, फूटी कोठी और अन्नपूर्णा की ओर से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल किया जा सकता है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!