
बलौदाबाजार न्यूज धमाका – सड़क हादसे में एक बुजुर्ग समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दी और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। यह घटना रविवार को ढाबाडीह गांव के पास हुई।
जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में ढाबाडीह के रहने वाले तेजेश्वर नेताम (उम्र 23 साल), पारागांव के रहने वाले राजा ध्रुव (उम्र 32 साल) और बुजुर्ग महिला सोनारीन ध्रुव (उम्र 70 साल) की मौके पर मौत हो गई। 4 साल के परसराम ध्रुव और डेढ़ साल की मानती ध्रुव घायल हुई है।
जिला अस्पताल के डॉक्टर कल्याण कुरूवंशी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के बाद अस्पताल लाए गए पांच लोगों में तीन की पहले ही मौत हो गई थी, जबकि दो बच्चे सुरक्षित हैं। एक बच्चे के पैर की हड्डी टूटी है और दूसरे के जीभ और सिर में चोट आई है। हालांकि, दोनों की स्थिति अब स्थिर है।
मृतक तेजेश्वर नेताम के भाई ने बताया कि उनका भाई रायपुर से ढाबाडीह आ रहा था और कुछ घंटे पहले ही उससे बात हुई थी। वहीं पारागांव के मृतकों के परिवार ने घटना को संदेहास्पद बताया है, क्योंकि दोनों गाड़ियां एक ही दिशा में जा रही थीं। अनुमान लगाया कि शायद किसी तीसरे वाहन ने सामने से टक्कर दी हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।



