
23 जुलाई 2026 //
सूरजपुर न्यूज़ धमाका – सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड के कारीमाटी गांव में पुलिया नहीं होने से स्कूली बच्चों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उफनते नाले को किसान बच्चों को कंधे पर बैठाकर पार करा रहा।
बरसात के मौसम में जहां एक ओर नदी-नाले उफान पर है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण इलाकों में मूलभूत सुविधाओं की कमी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड से सामने आई एक तस्वीर ने विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच के अंतर को उजागर कर दिया है। यहां एक किसान अपनी जान की परवाह किए बिना मासूम बच्चों को कंधे पर बैठाकर उफनते नाले को पार करा रहा है, ताकि बच्चे समय पर स्कूल पहुंच सकें।
बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
यह पूरा मामला ग्राम पंचायत कारीमाटी के परसिया (पड़ोपारा) का है, जहां पंचायत भवन के पास स्थित मरघेतिया नाला पर पुलिया नहीं होने से ग्रामीणों को हर बारिश में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में नाला उफान पर आ जाता है, जिससे स्कूली बच्चों का रास्ता बंद हो जाता है और उनकी पढ़ाई प्रभावित होने का खतरा बना रहता है।

कंधे पर बैठाकर करा रहा नाला पार
ऐसे हालात में गांव का एक किसान मानवता की मिसाल पेश करते हुए रोजाना बच्चों को अपने कंधे पर बैठाकर नाला पार करा रहा है। उसकी यह पहल जहां लोगों के लिए प्रेरणा बनी हुई है, वहीं प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर रही है।
जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि, मरघेतिया नाला पर पुलिया निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। लोगों ने जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि, हर साल बारिश में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा दोनों खतरे में पड़ जाती है।
पुलिया का निर्माण होने की उम्मीद
नाले को पार करते बच्चों और किसान की तस्वीर अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस तस्वीर ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों की उम्मीद अब भी यही है कि, जल्द ही मरघेतिया नाला पर पुलिया का निर्माण हो, ताकि बच्चों को जान जोखिम में डालकर स्कूल जाने की मजबूरी से छुटकारा मिल सके।



