रायपुर

CG में गर्मी के मौसम में बारिश: बस्तर संभाग में आज आंधी-बरसात के आसार; जगदलपुर में ओलों के साथ बरसा पानी, तापमान 4 डिग्री गिरा

रायपुर न्यूज़ धमाका // छत्तीसगढ़ में मौसम कहीं हॉट तो कहीं कूल बना हुआ है। एक तरफ जहां बस्तर संभाग में लगातार आंधी-बरसात के हालात बने हुए हैं। वहीं प्रदेश के दूसरे हिस्सों में गर्मी के हालात है। तापामन 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। शनिवार रात बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ ओले गिरे और तेज बरसात हुई। जगदलपुर में 61 मिली मीटर बरसात दर्ज की है। रविवार को भी यहां बारिश होने के आसार है

इस बरसात की वजह से स्थानीय तापमान में भी बड़ी गिरावट दर्ज हुई। जगदलपुर में रात का न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। यह सामान्य से 4 डिग्री कम है। यहां दिन का अधिकतम तापमान भी 36.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बस्तर क्षेत्र में रविवार को भी बरसात की संभावना बनी हुई है। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, एक द्रोणिका मध्य छत्तीसगढ़ से दक्षिण अंदरुनी कर्नाटक तक विस्तारित है।

गर्मी में बारिश क्यों?
प्रदेश के उत्तर में पश्चिमी और दक्षिण छग में दक्षिणी हवा का आगमन लगातार जारी है। इसकी वजह से रविवार को छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग के जिलों में रहने की संभावना है।

रायपुर, जगदलपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में बढ़ी नमी

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार सुबह राजधानी रायपुर में 3.6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पश्चिमी हवा चल रही है। इसमें नमी की मात्रा 51% बताई जा रही है। वहीं जगदलपुर में इसी रफ्तार की हवा में नमी की मात्रा 83% है। दुर्ग में 5.4 किमी प्रति घंटे की दर वाली पश्चिमी हवा का प्रभाव है। इसमें नमी की मात्रा 48% है। वहीं राजनांदगांव में हवा की रफ्तार 11.1 किमी प्रति घंटा है। दक्षिण-पश्चिम दिशा से बह रही हवा में 50% नमी है। बिलासपुर, पेण्ड्रा रोड और अंबिकापुर में हवा बंद है। नमी की मात्रा भी बेहद कम है।

शेष इलाकों में अभी झुलसाएगी गर्मी

बस्तर संभाग के अलावा छत्तीसगढ़ के शेष इलाकों में गर्मी से राहत के आसार कम हैं। शनिवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 41-42 डिग्री सेल्सियस रहा। बलौदा बाजार में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ जो शनिवार को प्रदेश में सर्वाधिक था। बिलासपुर में 42.6, रायपुर में 41.5, दुर्ग में 40.8 और राजनांदगांव का अधिकतम तापमान 41.1 रहा। पेण्ड्रा रोड में 40.3 और अंबिकापुर में 39.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!