छतीसगढ़राजनांदगांव

प्रशासन के खिलाफ किया चक्काजाम गड्ढों में तब्दील सड़क से त्रस्त ग्रामीण : 6 महीने बाद भी नहीं बना रास्ता

30 अगस्त 2026 //

राजनांदगांव न्यूज़ धमाका – राजनांदगांव जिले के गठुला रोड से भेड़ीकला तक जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों ने चक्काजाम किया। छह महीने से सड़क निर्माण के आश्वासन के बावजूद काम पूरा नहीं हुआ।

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के गठुला रोड से भेड़ीकला तक जर्जर और बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश आखिरकार सड़क पर उतर आया। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीणों और स्कूली छात्राओं ने रविवार को चक्का जाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब छह महीने से उन्हें सड़क निर्माण का केवल आश्वासन मिल रहा है, लेकिन मौके पर काम पूरा नहीं हो रहा है।

गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते से ग्रामीण परेशान

सड़क निर्माण के नाम पर मार्च महीने में सड़क को खोदकर उखाड़ दिया गया था। इसके बाद उम्मीद थी कि, जल्द ही नई सड़क का निर्माण पूरा हो जाएगा, लेकिन महीनों गुजरने के बावजूद सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है। जगह-जगह गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्कूली बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की बढ़ी परेशानी

सबसे अधिक परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं, महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि, सड़क की बदहाली के कारण कई बार राहगीर दुर्घटनाओं का शिकार भी हो चुके हैं। बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है। सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए आवागमन जोखिम भरा हो गया है।

सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

ग्रामीणों ने बताया कि, सड़क निर्माण की मांग को लेकर पहले भी जिला कलेक्टर के जनदर्शन में ज्ञापन सौंपा जा चुका है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती गई। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत और आश्वासन के बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं होने पर उन्हें मजबूर होकर चक्का जाम करना पड़ा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार

ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि, सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि स्कूली बच्चों और आसपास के गांवों के लोगों की रोजमर्रा की जरूरत है। अब ग्रामीण आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क निर्माण का काम पूरा होते देखना चाहते हैं।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!