रायपुर,न्यूज़ धमाका :-कर्मचारी राज्य बीमा निगम की क्षेत्रीय परिषद की बैठक हुई। इसमें राज्य में बीमित व्यक्तियों व उनके परिवार के सदस्यों को मिलने वाले लाभों व चिकित्सा व्यवस्था के संबंध में विभिन्ना निर्णय लिए गए। कोरबा व बिरगांव में बन चुके ईएसआइसी के 100 बिस्तरों के अस्पताल के शुभारंभ को लेकर चर्चा हुई।
बता दें कि बिरगांव व कोरबा में ईएसआइसी अस्पताल तैयार हो चुके हैं।
कोरबा में हैंडओवर में आ रही दिक्कत
इसके शुभारंभ के बीच जहां कोरबा अस्पताल में कोविड सेंटर प्रशासन संचालित होने की वजह से ईएसआइसी को अस्पताल हैंडओवर होने में समस्या आ रही है। दूसरी ओर, बिरगांव में नगर निगम द्वारा भवन निर्माण पूरा होने के संबंध में अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं दिए जाने की वजह से सेवाएं शुरू नहीं कर पा रहे हैं। विभाग के मुताबिक दोनों अस्पतालों का शुभारंभ फरवरी में होने की बात कही गई थी। लेकिन अब तक अस्पताल शुरू ना होने से लाखों हितग्राही लाभ से वंचित हैं।
मंत्री डा. शिवकुमार डहरिया ने की बैठक
बैठक में श्रम व नगरीय प्रशासन मंत्री डा. शिव कुमार डहरिया ईएसआइसी को अस्पताल हैंडओवर कराने व कागजी प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने आश्वासन दिया। बैठक में श्रम विभाग के अधिकारी अमृत कुमार खलखो, ईएसआइसी के क्षेत्रीय निदेशक अमरनाथ तिवारी, राज्य बीमा सेवाएं के प्रभारी डाक्टर राजेश डेगन समेत अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
