रायपुर

महादेव के विवाह में हल्दी-तेल लगाने की रस्म महिलाओं ने निभाई,ढोल-नगाड़े बजाकर बधाई गीत गाते हुए जमकर किया नृत्य

रायपुर,न्यूज़ धमाका :- महाशिवरात्रि पर भगवान भोलेनाथ के विवाह के पहले महिलाओं ने हल्दी-तेल लगाने की रस्म निभाई। इसके बाद महिलाओं ने एक-दूसरे के गाल पर हल्दी लगाई। ढोल-नगाड़े बजाकर बधाई गीत गाते हुए जमकर नृत्य किया। भोलेनाथ के विवाह पर चार दिवसीय रस्म का शुभारंभ होते ही मंदिर के आसपास का पूरा इलाका भक्तिभाव में झूम उठा।

यह नजारा रविवार को स्टेशन रोड नहर पारा स्थित श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर में दिखाई दिया। शाम को शिवलिंग पर हल्दी, चंदन केसर का लेप लगाया गया। इसके बाद महिलाओं ने बधाई गीत गाना शुरू किया। ढोलक, मंजीरा, नगाड़े की धुन पर महिलाओं ने दो घंटे से अधिक समय तक नृत्य कर भोलेनाथ के विवाह पूर्व हल्दी रस्म का आनंद उठाया।

आज शाम को निकलेगी बरात

श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर के नीलकंठ त्रिपाठी ने बताया कि दूसरे दिन सोमवार को शाम चार बजे भव्य बरात निकाली जाएगी। बरात में श्रद्धालु भूत, प्रेत, देवी-देवताओं का रूप धारण कर शामिल होंगे। नहरपारा से बरात निकलकर आसपास के इलाकों से होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंचेगी। रात्रि में संतों, पुजारियों के नेतृत्व में शिवलिंग का भस्म अभिषेक किया जाएगा।

आज शिवलिंग का औषधियों से शृंगार

चार दिवसीय आयोजन के तीसरे दिन महाशिवरात्रि का पर्व मंगलवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। दोपहर से रुद्राभिषेक करने के लिए श्रद्धालु पहुंचेंगे। रुद्राभिषेक के बाद संगीतमय रामायण पाठ में भक्तिभाव छाएगा। शाम को शिवलिंग का विशेष औषधियों से श्रृंगार किया जाएगा। रात तक श्रद्धालु श्रृंगारित रूप का दर्शन कर सकेंगे। रात्रि में श्रृंगार उतारने के बाद पुन: रुद्राभिषेक का सिलसिला शुरू होगा जो रातभर चलेगा। चौथे और आखिरी दिन अखंड रामायण पाठ के समापन पर दोपहर को आरती की जाएगी। इसके बाद शाम को महाभंडारे का आयोजन किया गया है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!