हरयाणाअंबालायमुनानगर

जुलाई में 27% कम बारिश हरियाणा के 3 जिलों में यलो अलर्ट, 15 जिलों में सूखे जैसे हालात

01 अगस्त 2026 //

हरियाणा न्यूज़ धमाका – IMD ने 1 अगस्त को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर के लिए तेज बारिश और गरज-चमक का यलो अलर्ट जारी किया है। तो वहीं मौसम विभाग ने भी 3 और 4 अगस्त से प्रदेश में मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना जताई है

हरियाणा में मानसून के सबसे अहम महीने जुलाई में इस बार सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार जुलाई में प्रदेश में 109.3 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य औसत 149.1 मिमी है। यानी इस बार करीब 40 मिमी कम और 27 प्रतिशत कम बारिश हुई। कम बारिश का सबसे ज्यादा असर पश्चिमी और मध्य हरियाणा में देखने को मिला है, जहां 15 जिलों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। इससे खरीफ फसलों पर संकट गहराने लगा है।

सिरसा, जींद और रोहतक में सबसे ज्यादा बारिश की कमी

प्रदेश में सबसे अधिक बारिश की कमी सिरसा (-74%), जींद (-66%) और रोहतक (-66%) में दर्ज की गई। इसके अलावा हिसार में 45% और कैथल में 43% कम बारिश हुई। वहीं पलवल, कुरुक्षेत्र और फरीदाबाद में सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई।

फसलों पर बढ़ा संकट

सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, जींद और रोहतक कपास और बाजरे की प्रमुख खेती वाले जिले हैं। इन इलाकों में कम बारिश के कारण सिंचाई पर निर्भरता बढ़ गई है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अगस्त में अच्छी बारिश नहीं हुई तो खरीफ फसलों के उत्पादन पर असर पड़ सकता है।

जिलेवार बारिश की स्थिति

उत्तर हरियाणा :  अंबाला और पंचकूला में सामान्य से लगभग आधी बारिश, जबकि कुरुक्षेत्र में 20% अधिक वर्षा हुई।
दक्षिण हरियाणा :  पलवल में 30% अधिक बारिश, गुरुग्राम में केवल 7% की कमी।
पश्चिम हरियाणा :  सिरसा, हिसार और फतेहाबाद सबसे ज्यादा प्रभावित।
मध्य हरियाणा : रोहतक, जींद, कैथल और सोनीपत में 43% से 66% तक कम बारिश दर्ज हुई।

आज 3 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 1 अगस्त के लिए पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। वहीं हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 अगस्त से मानसून फिर सक्रिय होने की संभावना है।

तापमान का हाल

बारिश और बादलों के चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सिरसा 36.4°C के साथ सबसे गर्म जिला रहा। इसके बाद नारनौल 36.0°C और हिसार 35.1°C दर्ज किए गए। रात में नारनौल 26.0°C के साथ सबसे ठंडा जिला रहा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक उमस और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!