रायपुर,न्यूज़ धमाका :-अब सरकार ने 15 अप्रैल तक बकाया कर का भुगतान करने की घोषणा कर करदाताओं के साथ ही निगम प्रशासन को भी बड़ी राहत दे दी है। जहां लोगों को अब छह फीसद अधिभार नहीं देना पड़ेगा, वहीं निगम के अधिकारी 15 दिन में आराम से कर वसूली का लक्ष्य हासिल कर लेंगे। नगर निगम, रायपुर का राजस्व अमला पिछले तीन माह से बकाया करों की वसूली के लिए लगातार वार्डों में शिविर लगाने के साथ ही जोन कार्यालयों में सुबह से रात तक काम कर रहा था, ताकि 31 मार्च तक लक्ष्य के अनुरूप करों की वसूली हो सके। दरअसल टैक्स के सिस्टम को पेमेंट गेट-वे के माध्यम से अपग्रेड करने की वजह से करदाताओं को प्रापर्टी आइडी के लिए काफी परेशान होना पड़ा। लोगों की परेशानी को ध्यान में रखकर ही सरकार ने टैक्स पटाने 15 दिन का समय बढ़ाकर बड़ी राहत दी।
सूबे के सबसे बड़े रायपुर नगर निगम के साथ ही सभी निकायों में टैक्स जमा करने के लिए राज्य सरकार ने 15 दिन का समय दे दिया है। इससे पहले निगम प्रशासन ने 31 मार्च के बाद टैक्स का भुगतान करने वालों पर नियमानुसार छह फीसद अधिभार वसूलने का फैसला लिया था, लेकिन अब बिना अधिभार दिए कर दाता 15 अप्रैल तक बकाया करों का भुगतान कर सकेंगे।
175 करोड़ से अधिक वसूली
रायपुर नगर निगम ने जनवरी, फरवरी महीने में जहां कुल 105 करोड़ रुपये बकाया करों की वसूली की है, वहीं मार्च महीने में अकेले 70 करोड़ रुपये से अधिक वसूल किया है। 31 मार्च की देर रात तक करदाताओं ने जोन कार्यालयों में पहुंचकर 8.28 करोड़ रुपये का भुगतान कर रसीदें प्राप्त की, वहीं 93 लाख रुपये आनलाइन जमा किए गए
