
कलेक्टर सभाकक्ष में कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय वनाधिकार समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कोण्डागांव अनुभाग अंतर्गत कोण्डागांव के 10 एवं माकड़ी के 174, फरसगांव अनुभाग के 05 तथा केशकाल अनुभाग अंतर्गत बड़ेराजपुर के 09 व्यक्तिगत वनाधिकार पत्रों के संबंध में प्रकरणवार विस्तृत चर्चा की गई। इस चर्चा में कलेक्टर द्वारा व्यक्तिगत वनाधिकार पत्रों के निर्माण में विलम्ब पर नाराजगी जाहिर करते हुए सभी एसडीएमओ को वनाधिकार पत्रों के निर्माण को तेज करने हेतु प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिये। जिसके अंतर्गत सभी प्रकरणों की जीओ टैगिंग कर गूगल मैप के द्वारा पिछले 15 वर्षों के चित्रों द्वारा वन पर कब्जे का निर्धारण कर इसकी प्रति चिन्हांकित कर ग्राम समिति के समक्ष भेजने तथा ग्राम समिति द्वारा प्रमाणन के उपरांत सभी प्रकरणों की अनुभाग स्तर पर जांच कराने के लिए कहा। इसके लिए कलेक्टर द्वारा 03 नवम्बर तक सभी पटवारी, बीट गार्ड, राजस्व निरीक्षकों, तहसीलदारों, सीईओ जनपद पंचायतों हेतु जीओ टैगिंग तथा सेटेलाईट तस्वीरों के द्वारा परीक्षण के संबंध में प्रशिक्षण देने हेतु समय प्रदान किया गया है।
सेटेलाईट से होगा छाया चित्रों का संकलन – सभी प्रकरणों के सेटेलाईट छायाचित्रों के संकलन एवं उनमें भूमि का चिन्हांकन कर ग्राम स्तरीय वनाधिकार समिति के समक्ष 08 नवम्बर तक प्रस्तुत करना होगा। ग्राम स्तरीय समिति के अनुमोदन पर विकासखण्ड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (रा0) द्वारा सभी प्रकरणों की जांच की जायेगी। इसके पश्चात् जिला स्तरीय समिति द्वारा पुनः 10 नवम्बर को सभी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए वनाधिकार पत्र निर्माण की अनुशंसा हेतु बैठक आयोजित की जायेगी। जिले में कुल 4824 व्यक्तिगत वनाधिकारों हेतु आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिनमें से 2722 प्रकरणों में कार्यवाही की जा रही है। जबकि 2864 प्रकरणों में गूगल मैप द्वारा प्रमाणिकरण एवं साक्ष्य प्रस्तुत करना शेष है, जिसके लिए तुरंत कार्यवाही हेतु कलेक्टर ने निर्देश दिये हैं।
ये है सामुदायिक वन अधिकारो की स्थिति – इसके अतिरिक्त सामुदायिक वन संसाधन अधिकार के कुल 576 प्रकरणों में से 160 में वनाधिकार पत्र वितरित कर दिये गये हैं, जबकि 414 प्रक्रियाधीन है। इसके अलावा 392 प्रकरणों पर समिति द्वारा विचार किया जा रहा है। इस बैठक में डीएफओ केशकाल बीएस ठाकुर, एसडीएम डीडी मण्डावी, गौतमचंद पाटिल, सहायक आयुक्त संकल्प साहू सहित सभी जनपदों के सीईओ, सभी तहसीलों के तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
