
23 अगस्त 2026 //
पेंड्रा न्यूज़ धमाका – पेंड्रा में खाद्य विभाग ने सियाराम गैस एजेंसी के गोदाम पर छापा मारकर 471 LPG सिलेंडर जब्त किए। जांच में स्टॉक और रजिस्टर समेत कई अनियमितताएं मिलीं।
जिले में एलपीजी गैस के भंडारण और वितरण में अनियमितताओं के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को खाद्य विभाग की टीम ने गौरेला स्थित मेसर्स सियाराम गैस एजेंसी के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर विभाग ने कुल 471 एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।
433 घरेलू और 38 व्यावसायिक सिलेंडर जब्त
कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग ने 14.2 किलोग्राम क्षमता वाले कुल 433 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। इनमें 87 खाली और 346 भरे हुए सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा 19 किलोग्राम क्षमता वाले 38 व्यावसायिक सिलेंडर भी जब्त किए गए। इनमें 36 खाली और 2 भरे हुए सिलेंडर शामिल हैं।
स्टॉक और आवक-जावक पंजी भी नहीं मिला
निरीक्षण के दौरान एजेंसी के गोदाम में मुख्य बोर्ड और स्टॉक बोर्ड प्रदर्शित नहीं पाया गया। वहीं आवक-जावक पंजी और स्टॉक पंजी का भी विधिवत संधारण नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा मूल्य-स्टॉक बोर्ड भी प्रदर्शित नहीं किया गया था। खाद्य विभाग ने इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियम) आदेश, 2000 के प्रावधानों के तहत सिलेंडरों की जब्ती की कार्रवाई की।
शिकायतों के बाद किया गया औचक निरीक्षण
जिला खाद्य अधिकारी श्वेता अग्रवाल ने बताया कि सियाराम गैस एजेंसी के संबंध में विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर टीम ने गोदाम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी एजेंसी के गोदाम की जांच की जा चुकी है। उस दौरान भी अनियमितताएं मिलने पर एजेंसी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
उपभोक्ताओं के हित में निगरानी जारी
जिला खाद्य अधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और एलपीजी गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।


