छतीसगढ़रायपुर

PM आवास पर विजय शर्मा का कांग्रेस पर हमला : बोले-भूपेश बघेल ने फिर बोला झूठ, वे चर्चा से भागते हैं

23 अगस्त 2026 //

रायपुर न्यूज़ धमाका – आवास पर विजय शर्मा ने भूपेश बघेल पर फिर झूठ बोलने का आरोप लगाया। नक्सलवाद, सौरभ चंद्राकर केस और 12 ओपन जेलों को लेकर भी सरकार का पक्ष रखा।

प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत विकास मंत्री विजय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल ने पीएम आवास को लेकर फिर से झूठ बोला और जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश की है।

‘10 लाख 60 हजार आवास पूर्ण होने की बात कही थी’

विजय शर्मा ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लिखे पत्र में 10 लाख 60 हजार आवास पूर्ण होने की बात लिखी थी। उन्होंने कहा कि जब किसी विषय पर चर्चा की स्थिति आती है तो भूपेश बघेल चर्चा में शामिल नहीं होते। विजय शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि उनका मामला राहुल गांधी की तरह ही है।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम आवास को लेकर पूर्व में तत्कालीन उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी भूपेश बघेल को पत्र लिखा था। विभागीय सचिवों के अलावा केंद्रीय मंत्रियों की ओर से भी इस संबंध में पत्र लिखे गए थे।

PMAY ग्रामीण और PM जनमन के आवास भी आंकड़ों में शामिल

विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के साथ PM जनमन योजना के तहत बनाए जा रहे आवासों को भी जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि आवास से जुड़े आंकड़ों को लेकर कांग्रेस की ओर से भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कांग्रेस को चर्चा के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि भूपेश बघेल जहां चाहें, वहां PM आवास के मुद्दे पर उनसे चर्चा करने के लिए तैयार हैं।

नक्सलवाद पर भी कांग्रेस को घेरा


प्रेस कॉन्फ्रेंस में विजय शर्मा ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद से लड़ने के लिए कांग्रेस ने 2023 में नीति बनाई थी और सितंबर 2023 में पीएम आवास की स्वीकृति भी कांग्रेस सरकार के दौरान दी गई थी। नक्सलवाद को लेकर उन्होंने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिसका रोल मॉडल हिड़मा हो, वह नक्सलवाद कैसे खत्म करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिनके दिमाग में नक्सल हो, वे नक्सलवाद खत्म करने की बात कैसे कर सकते हैं। विजय शर्मा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम पर भी नक्सलियों को अप्रत्यक्ष समर्थन देने का आरोप लगाया और कांग्रेस से पूछा कि हिड़मा उनका रोल मॉडल कैसे हो सकता है।

सौरभ चंद्राकर मामले में बोले- दोषियों को भेजा जाएगा जेल

सौरभ चंद्राकर की सुरक्षा और उसे छत्तीसगढ़ लाए जाने के सवाल पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि केंद्र की संस्थाएं इस मामले में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी को यहां लाया जाएगा और जो भी दोषी होंगे, उन्हें जेल भेजा जाएगा। भूपेश बघेल के ‘बहुत लोग एक्सपोज होंगे’ वाले बयान पर विजय शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि भूपेश बघेल बताएं कि वह क्या चाहते हैं कि क्या एक्सपोज नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले में चाहे कोई भी शामिल हो, जांच होगी और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी को धैर्य रखना चाहिए।

छत्तीसगढ़ में खुलेंगे 12 ओपन जेल

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेश में ओपन जेल शुरू करने की योजना को लेकर भी विजय शर्मा ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए छत्तीसगढ़ में 12 ओपन जेल खोले जाएंगे। उन्होंने बताया कि ओपन जेल में कैदियों को सुबह और शाम हाजिरी देनी होगी। बेमेतरा में ओपन जेल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि प्रदेश की अन्य जेलों में भी इस दिशा में काम किया जा रहा है। विजय शर्मा ने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था, नक्सलवाद और जेल सुधार समेत विभिन्न मुद्दों पर लगातार काम कर रही है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!