
बलौदाबाजार न्यूज धमाका – जिले के कसडोल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम ठाकुरदीया से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जहरीले सांप के डसने से एक मां और उसकी मासूम बेटी की मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार तड़के सुबह करीब 4 बजे हुआ, जब दोनों फर्श पर सो रही थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका सतवती पारदी (35 वर्ष) और उनकी बेटी देविका (9 वर्ष) अपने घर में फर्श पर सो रही थीं। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने दोनों को डस लिया। सांप के काटने के कुछ देर बाद ही दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल कसडोल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे।
चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर बताई। उपचार के दौरान देविका की मौत हो गई, जबकि सतवती की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए उसे बलौदाबाजार जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामवासियों का कहना है कि यह घटना बेहद दुखद है और प्रशासन को ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश जैसी घटनाओं से निपटने के लिए विशेष इंतजाम करने चाहिए।
इस हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं, एंटी-वेनम की उपलब्धता और जन-जागरूकता की कमी को उजागर कर दिया है। स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

